➤ चंबा, कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना
➤ फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और मलबा गिरने का खतरा, नदी-नालों से दूर रहने की सलाह
➤ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून का दौर लगातार जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के शिमला केंद्र ने शनिवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार चंबा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कि निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भी तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का बढ़ा खतरा
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए IMD ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड, भूस्खलन और मलबा गिरने की चेतावनी जारी की है। भारी बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। वहीं, पहाड़ी सड़कों पर फिसलन और मलबा आने से यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचने और जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा और कई स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
ऊना रहा सबसे गर्म, शिमला में सबसे ज्यादा बारिश
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान ऊना में 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा मंडी में 32.0 डिग्री, नाहन में 28.2 डिग्री, धर्मशाला और सोलन में 28.0 डिग्री, जबकि शिमला में 21.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
बारिश के आंकड़ों के अनुसार शिमला में सबसे अधिक 34.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा मंडी में 19.4 मिमी, ऊना में 12.1 मिमी, नाहन में 9.0 मिमी, जुब्बड़हट्टी में 4.8 मिमी और कांगड़ा में 4.0 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।



