Follow Us:

कल से फिर बदलेगा मौसम, हिमाचल में तीन दिन भारी बारिश का अलर्ट

कल से हिमाचल में फिर सक्रिय होगा मानसून, तीन दिन भारी बारिश के आसार
6 और 7 जुलाई को कई जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी
नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सलाह


हिमाचल प्रदेश में दो दिनों की राहत के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सोमवार 6 जुलाई से प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दोबारा सक्रिय होगा, जिससे अगले तीन दिनों तक कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में जाने से बचने की अपील की गई है।

मौसम विभाग ने 6 जुलाई के लिए मंडी और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सोलन जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। 7 जुलाई को सिरमौर, कांगड़ा और चंबा जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार 8 और 9 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि 10 जुलाई से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कमजोर पड़ने के कारण वर्षा की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना जताई गई है।

इस बीच किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में 5 से 10 जुलाई के दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।

प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 30 जून को छह जिलों में प्रवेश किया था और 1 जुलाई तक पूरे हिमाचल को कवर कर लिया था। मानसून के शुरुआती 48 घंटों में सामान्य से 211 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई थी। हालांकि 3 जुलाई के बाद मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ गईं और पिछले दो दिनों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई।

रविवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य बना हुआ है, लेकिन कांगड़ा, शिमला और सिरमौर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 4 जुलाई के बीच प्रदेश में सामान्य से 86 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। विभाग ने आगामी दिनों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।