Follow Us:

डॉ. हरीश कुमार अवस्थी बने उच्च शिक्षा निदेशक, डॉ. अमरजीत शर्मा रिटायर

डॉ. हरीश कुमार अवस्थी बने हिमाचल के नए उच्च शिक्षा निदेशक
विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश पर सरकार ने जारी की अधिसूचना
पूर्व निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा सेवानिवृत्त, जिम्मेदारी सौंपी गई


हिमाचल प्रदेश सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए अतिरिक्त शिक्षा निदेशक डॉ. हरीश कुमार अवस्थी को पदोन्नत कर उच्च शिक्षा निदेशक नियुक्त कर दिया है। इस संबंध में गुरुवार शाम को मुख्य सचिव संजय गुप्ता की ओर से औपचारिक अधिसूचना जारी की गई।

कार्मिक विभाग द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह पदोन्नति विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की सिफारिशों के आधार पर की गई है। नई नियुक्ति के तहत डॉ. हरीश कुमार अवस्थी को वेतन मैट्रिक्स के लेवल-31 (1,48,800 से 2,18,600 रुपये) में पदस्थ किया गया है। साथ ही उन्हें वेतन निर्धारण के लिए एफआर-22 के प्रावधानों के तहत एक माह के भीतर अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा।

डॉ. हरीश कुमार अवस्थी का शिक्षा क्षेत्र में लंबा और समृद्ध अनुभव रहा है। वे अक्टूबर 2020 से शिक्षा निदेशालय में अतिरिक्त निदेशक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। इससे पहले उन्होंने करीब 17 वर्षों तक करसोग, सरस्वतीनगर और जोगिंद्रनगर कॉलेज में प्रवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वे संगड़ाह, लड़भडोल और जोगिंद्रनगर कॉलेज में करीब आठ वर्षों तक प्रिंसिपल भी रह चुके हैं।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा गुरुवार को सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त हो गए। ऐसे में विभाग की जिम्मेदारी अब पूरी तरह से डॉ. हरीश कुमार अवस्थी के कंधों पर आ गई है।

सरकार के इस फैसले को शिक्षा क्षेत्र में प्रशासनिक निरंतरता और अनुभव आधारित नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि उनके अनुभव से उच्च शिक्षा क्षेत्र में नई नीतियों और सुधारों को गति मिलेगी।