➤ एचपीवी वैक्सीन को लेकर फैली अफवाह पर NHM हिमाचल की बड़ी सफाई
➤ विदेश यात्रा के लिए टीकाकरण या सर्टिफिकेट अनिवार्य नहीं
➤ 14–15 वर्ष की बालिकाओं के लिए टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक
हिमाचल प्रदेश में एचपीवी (HPV) वैक्सीन को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में चल रही भ्रामक खबरों पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), हिमाचल प्रदेश ने आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर स्थिति स्पष्ट कर दी है। विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि बेटियों के विदेश यात्रा के लिए एचपीवी टीकाकरण या उसका कोई प्रमाणपत्र अनिवार्य नहीं है।
बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में मिशन ने कहा कि हाल ही में कुछ प्लेटफॉर्म्स पर यह दावा किया जा रहा था कि बिना एचपीवी वैक्सीन लगवाए बेटियां विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगी और इसके लिए सर्टिफिकेट दिखाना जरूरी होगा। विभाग ने इस दावे को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि भारत सरकार या हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा ऐसी कोई सरकारी गाइडलाइन, आदेश या निर्देश जारी नहीं किए गए हैं, जिनके तहत विदेश यात्रा के लिए एचपीवी टीकाकरण को अनिवार्य किया गया हो।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि एचपीवी टीकाकरण एक पूर्णतः स्वैच्छिक (Voluntary) प्रक्रिया है। यह टीका केवल अभिभावकों की सूचित सहमति (Informed Consent) मिलने के बाद ही निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि टीकाकरण से पहले अभिभावकों को इसके लाभ, आवश्यकता और सुरक्षा से जुड़ी सभी जानकारियां स्पष्ट रूप से दी जाएं।
वर्तमान में प्रदेश में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव के उद्देश्य से निशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। विभाग के अनुसार एचपीवी संक्रमण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है और वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार यह वैक्सीन इस गंभीर बीमारी के जोखिम को काफी हद तक कम करने में प्रभावी मानी जाती है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने सभी अभिभावकों और आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट सूचना पर भरोसा न करें और केवल स्वास्थ्य विभाग व आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें।
यदि किसी अभिभावक को टीकाकरण को लेकर कोई शंका या जिज्ञासा है, तो वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र, चिकित्सा अधिकारी या आशा कार्यकर्ता से संपर्क कर सकते हैं।



