Follow Us:

हिमाचल सरकार ने 5 IAS, IPS और IFS अधिकारियों के तबादले किए


➤ हिमाचल सरकार ने 5 IAS, IPS और IFS अधिकारियों के तबादले किए
➤ मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने रिटायरमेंट से पहले जारी किए आदेश
➤ IPS और IFS अधिकारियों को भी प्रशासनिक सचिव की जिम्मेदारी मिली


शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने आज महत्वपूर्ण प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 वरिष्ठ IAS, IPS और IFS अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। खास बात यह रही कि यह आदेश मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना द्वारा रिटायरमेंट से कुछ घंटे पहले जारी किए गए। ये उनके सेवाकाल के अंतिम आदेश माने जा रहे हैं, जिसने प्रशासनिक हलकों में चर्चा को और तेज कर दिया है।

तबादला सूची में 2008 बैच की IAS अधिकारी राखिल काहलो, जो वर्तमान में सचिव डिजीटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस हैं, को सचिव जल शक्ति विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। इसी बैच के IAS आशीष सिंघमार, जो अब तक सचिव सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट थे, को सचिव डिजीटल टेक्नोलॉजी एंड गवर्नेंस बनाया गया है।

वहीं 2017 बैच के IAS जफर इकबाल, जो धर्मशाला नगर निगम के कमिश्नर हैं, को कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक (KCC) धर्मशाला का एमडी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके कार्यभार संभालने के बाद IAS संदीप कुमार इस जिम्मेदारी से मुक्त हो जाएंगे।

सरकार ने 1996 बैच के IPS अधिकारी अभिषेक त्रिवेदी को सचिव सोशल जस्टिस एंड एम्पावरमेंट विभाग में पदस्थापित किया है। यह कदम उल्लेखनीय है क्योंकि पहली बार IPS अधिकारी को इस विभाग का प्रशासनिक सचिव बनाया गया है।

इसी तरह, 1994 बैच के IFS अधिकारी सुशील कुमार सिंघला को सचिव पर्यावरण, विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।

इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद साफ है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार विभागों में नई ऊर्जा और समन्वय लाने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं प्रबोध सक्सेना का यह अंतिम आदेश प्रशासनिक जगत में लंबे समय तक याद किया जाएगा।