Follow Us:

हिमाचल में पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई जिम्मेदारियां

हिमाचल में पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती
ए. शैनामोल को सचिव (आयुष) का अतिरिक्त प्रभार
ऋचा वर्मा बनीं एसआईडीसी की प्रबंध निदेशक



हिमाचल प्रदेश सरकार ने सिविल सर्विस बोर्ड की सिफारिशों पर सोमवार को पांच आईएएस अधिकारियों के तबादला व तैनाती आदेश जारी किए। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सचिव (प्रशासनिक सुधार, प्रशिक्षण और विदेशी कार्य और लोक शिकायत निवारण) ए. शैनामोल को सचिव (आयुष) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं, अब तक सचिव (आयुष) के पद पर कार्यरत राखिल कहलों को सचिव (डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस और जल शक्ति विभाग) के रूप में मूल आधार पर नियुक्त किया गया है। राज्य हस्तशिल्प और हथकरघा निगम की प्रबंध निदेशक ऋचा वर्मा को राज्य औद्योगिक विकास निगम (एसआईडीसी) का नया प्रबंध निदेशक बनाया गया है। इस पद का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे राजेश्वर गोयल को इससे मुक्त कर दिया गया है।

ऋचा वर्मा राज्य हस्तशिल्प एवं हथकरघा निगम के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी संभालती रहेंगी। निदेशक, भू-अभिलेख रितिका को अतिरिक्त भंडार नियंत्रक, उद्योग विभाग के पद पर तैनात किया गया है, जबकि एचपीएएस अधिकारी डॉ. हरीश गज्जू को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है।

निदेशक, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं शासन के पद से स्थानांतरित अभिषेक वर्मा को निदेशक, भूअभिलेख शिमला का कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, आईएएस डॉ. निपूर्ण जिंदल की सेवाएं निदेशक (डिजिटल टेक्नोलॉजीज एंड गवर्नेंस) के रूप में जारी रहेंगी और उनके पास एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा।

यह फेरबदल प्रशासनिक कार्यक्षमता और विभागीय जिम्मेदारियों के संतुलन के उद्देश्य से किया गया है।