Follow Us:

हिमाचल में जेबीटी शिक्षकों के 600 पदों पर भर्ती, 16 मार्च से आवेदन

हिमाचल में जेबीटी शिक्षकों के 600 पदों पर भर्ती की अधिसूचना जारी
16 मार्च से शुरू होंगे आवेदन, 6 अप्रैल अंतिम तिथि निर्धारित
18 से 45 वर्ष आयु के टेट पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन


हिमाचल प्रदेश में शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग ने जूनियर बेसिक टीचर (JBT) के 600 पदों को भरने के लिए भर्ती अधिसूचना जारी की है। यह भर्ती जॉब ट्रेनी आधार पर की जाएगी। आयोग के अनुसार इन पदों के लिए 16 मार्च से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 6 अप्रैल आवेदन करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। अंतिम तिथि के बाद किसी भी अभ्यर्थी का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

,

आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। उम्मीदवार का जमा दो (12वीं) पास होना और जेबीटी या डीएलएड कोर्स/डिप्लोमा होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थी का टेट (अध्यापक पात्रता परीक्षा) पास होना भी जरूरी है। आवेदन करने के लिए 800 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार की त्रुटि सुधारने के लिए अभ्यर्थियों को 100 रुपये अतिरिक्त फीस देनी होगी।

गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी माह में भी जेबीटी के 600 पदों को भरने के लिए कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) आयोजित किया गया था। अब आयोग ने एक बार फिर से 600 पदों के लिए नई भर्ती अधिसूचना जारी कर दी है। ऐसे में प्रदेश के पात्र अभ्यर्थियों के लिए यह शिक्षक बनने का एक बड़ा अवसर माना जा रहा है।

राज्य चयन आयोग के अनुसार इस भर्ती प्रक्रिया को दो से तीन महीने के भीतर पूरा करने की योजना बनाई गई है। जनवरी में आयोजित भर्ती के लिए 17 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिससे साफ है कि प्रदेश में शिक्षक पदों के लिए युवाओं में काफी उत्साह है।

अधिसूचना के अनुसार कुल 600 पदों में विभिन्न श्रेणियों के लिए पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें सामान्य श्रेणी के 224 पद, ईडब्ल्यूएस 73, सामान्य (डब्ल्यूएफएफ) 8, ओबीसी (यूआर) 95, ओबीसी (बीपीएल) 22, ओबीसी (डब्ल्यूएफएफ) 2, एससी (यूआर) 118, एससी (बीपीएल) 22, एससी (डब्ल्यूएफएफ) 3, एसटी (यूआर) 25 और एसटी (बीपीएल) 8 पद शामिल हैं।

प्रदेश राज्य चयन आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि जेबीटी के 600 पदों पर जॉब ट्रेनी आधार पर भर्ती की जाएगी और पात्र अभ्यर्थी 16 मार्च से 6 अप्रैल के बीच आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने युवाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील भी की है।