Follow Us:

हिमाचल में करवाचौथ पर पुरुषों को भी मिलेगी छुट्टी, मुख्यमंत्री सुक्खू का फैसला

➤ 29 अक्तूबर को सभी सरकारी कार्यालय बंद, स्कूल-कॉलेज में भी रहेगा अवकाश
➤ अब तक केवल महिला कर्मचारियों को मिलती थी छुट्टी, रक्षाबंधन पर भी पुरुषों को दिया था अवकाश


शिमला। हिमाचल प्रदेश में करवाचौथ पर अब महिलाओं के साथ पुरुषों को भी छुट्टी मिलेगी। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने करवाचौथ के अवसर पर सभी के लिए अवकाश देने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद 29 अक्तूबर को प्रदेश में करवाचौथ का अवकाश रहेगा। अब तक इस त्योहार पर केवल महिला कर्मचारियों को ही छुट्टी मिलती थी। सरकार के इस फैसले से अब पुरुष कर्मचारी भी त्योहार पर अवकाश का लाभ उठा सकेंगे।

मुख्यमंत्री के फैसले के अनुसार, 29 अक्तूबर को करवा चौथ के अवसर पर प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय बंद रहेंगे। इसके अलावा सरकारी और गैर-सरकारी स्कूलों तथा कॉलेजों में भी छुट्टी रहेगी। इस निर्णय से महिला और पुरुष, दोनों को त्योहार मनाने के लिए एक साथ अवकाश मिलेगा। यानी अवकाश का लाभ केवल महिला कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा।

सुक्खू सरकार इससे पहले रक्षाबंधन के अवसर पर भी पुरुषों को छुट्टी देने का फैसला ले चुकी है। परंपरागत रूप से रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को ही अवकाश मिलता था, लेकिन इस बार सरकार ने पुरुषों को भी इसका लाभ दिया था। रक्षाबंधन के बाद अब करवा चौथ पर भी पुरुषों को अवकाश देने का निर्णय लिया गया है। इससे त्योहार पर छुट्टी को लेकर पहले से चली आ रही व्यवस्था में बदलाव हुआ है।

करवा चौथ हिमाचल प्रदेश में विशेष रूप से मनाया जाने वाला त्योहार है। इस दिन विवाहित महिलाएं पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए व्रत रखती हैं। महिलाएं दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को चांद देखने और पूजा करने के बाद व्रत खोलती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से दंपती को त्योहार के दिन एक साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा।