➤ वर्ष के अंत तक प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों को अत्याधुनिक सुविधाओं से किया जाएगा लैस
➤ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए भर्ती और नई लैब स्थापित करने पर सरकार का फोकस
➤ टांडा, हमीरपुर और चमियाना में आधुनिक जांच सुविधाओं के लिए 75 करोड़ रुपये जारी
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों का इस वर्ष के अंत तक चरणबद्ध तरीके से उन्नयन किया जाएगा। इन्हें अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है और अस्पतालों में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार निवेश किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी दूर करने के लिए हजारों पदों पर भर्ती की जा चुकी है। इसके अलावा 71 पैरामेडिकल पदों, 50 जूनियर ऑफिस असिस्टेंट (आईटी) पदों की भर्ती प्रक्रिया जारी है, जबकि 162 नए पैरामेडिकल पदों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज टांडा, हमीरपुर और सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चमियाना में अत्याधुनिक परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित करने के लिए 75 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। वहीं आईजीएमसी शिमला में पीईटी स्कैन मशीन स्थापित की जा चुकी है, जबकि टांडा और हमीरपुर मेडिकल कॉलेजों के लिए पीईटी स्कैन मशीनों की खरीद प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा को भी सुदृढ़ किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेजों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा और प्रत्येक बैच में 60 विद्यार्थियों की संख्या सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए आईजीएमसी शिमला में तीन नए लेक्चर थियेटर और एक परीक्षा भवन के निर्माण हेतु 5.76 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं टांडा मेडिकल कॉलेज में नए लेक्चर थियेटर के निर्माण के लिए 14.13 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि प्रदेशवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।



