Follow Us:

आदर्श अस्पतालों में 300 और डॉक्टरों की भर्ती, 600 नर्सों के पद भी मंजूर

➤ आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 300 नए डॉक्टरों की भर्ती को मंजूरी
➤ प्रदेश सरकार ने 600 नर्सों के पद भरने की स्वीकृति दी
➤ लोक सेवा आयोग के माध्यम से होगी भर्ती प्रक्रिया


हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार ने आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में 300 और डॉक्टरों की भर्ती को मंजूरी दे दी है। इससे पहले इन संस्थानों में 200 डॉक्टरों की तैनाती की जा चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो लोक सेवा आयोग के माध्यम से पूरी की जाएगी।

सरकार की योजना के तहत आदर्श अस्पतालों में चिकित्सा आधारभूत ढांचे को भी सुदृढ़ किया जाएगा। इन संस्थानों में डिजिटल एक्सरे, अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और कुछ अस्पतालों में एमआरआई मशीनें भी स्थापित की जाएंगी। एमआरआई मशीनों को पीपीपी मोड पर लगाया जाएगा।

600 नर्सों के पद भी मंजूर

प्रदेश सरकार ने हाल ही में 600 नर्सों के पद भरने की भी मंजूरी दी है। इन नर्सों की तैनाती भी आदर्श स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी। इसके अलावा पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया भी चल रही है।

हर विधानसभा क्षेत्र में आदर्श अस्पताल

प्रदेश में हर विधानसभा क्षेत्र में आदर्श अस्पताल खोले जा रहे हैं।

  • पहले चरण में 34

  • दूसरे चरण में 15 संस्थानों को आदर्श अस्पताल बनाया गया है।

इन अस्पतालों में 6 विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती का प्रावधान है। करीब 20 संस्थानों में 6 स्पेशलिस्ट डॉक्टर, जबकि कुछ में 4 विशेषज्ञ पहले ही तैनात किए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य सचिव एम सुधा ने बताया कि अस्पतालों में मेडिकल ऑफिसर और विशेषज्ञ डॉक्टरों की भर्ती की जानी है, जिसकी विभागीय प्रक्रिया जारी है।

मेडिकल कॉलेजों पर घटेगा बोझ

आदर्श अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं मिलने से मेडिकल कॉलेजों में मरीजों की भीड़ कम होगी। केवल गंभीर रोगों से ग्रसित रेफर मरीजों को ही मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।

बैचवाइज 24 नर्सों की भर्ती

स्वास्थ्य विभाग में बैचवाइज आधार पर 24 नर्सों की भर्ती भी की जा रही है।

  • अनारक्षित: 15 पद

  • एससी: 4 पद

  • ओबीसी: 3 पद

  • एसटी: 2 पद

इन नर्सों की तैनाती मेडिकल कॉलेजों और जोनल अस्पतालों में की जाएगी। इस संबंध में स्वास्थ्य निदेशालय ने अधिसूचना जारी कर दी है।