Follow Us:

हिमाचल में 48 घंटे की राहत, फिर बरसेंगे बादल !

➤ हिमाचल में अगले 48 घंटे तक बारिश से राहत
➤ 12 और 13 सितंबर को यलो अलर्ट जारी
➤ अब तक 4156 करोड़ की संपत्ति नष्ट


हिमाचल प्रदेश में जारी बरसात और आपदा से जूझ रहे लोगों को अगले 48 घंटे राहत मिलने जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार 10 और 11 सितंबर को किसी भी जिला में बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं है। इस कारण राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, राहत का यह सिलसिला ज्यादा लंबा नहीं चलेगा, क्योंकि 12 और 13 सितंबर को एक बार फिर से वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा और मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।

इस मानसून सीजन ने हिमाचल प्रदेश में तबाही के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अब तक 680 सड़कें बंद पड़ी हुई हैं, जिससे लोगों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है। खासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में हालात बेहद खराब हैं। 150 से ज्यादा रूट ऐसे हैं, जहां पिछले 15 दिनों से सरकारी और प्राइवेट बसें नहीं पहुंच पाई हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार इस सीजन में सामान्य से 44 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है। एक जून से 9 सितंबर तक जहां सामान्य तौर पर 663.9 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार अब तक 956.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। अकेले मंडी जिला में सबसे ज्यादा 1710.9 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है और यही जिला आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित भी हुआ है। इसके अलावा कांगड़ा में 1698.2, सिरमौर में 1577.7, ऊना में 1485.3, सोलन में 1388.1, हमीरपुर में 1364.7, बिलासपुर में 1301.8, कुल्लू में 1041.6, चंबा में 1021.7 और शिमला में 1181.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

लगातार बरसात और आपदाओं से प्रदेश को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अब तक करीब 4156 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति नष्ट हो चुकी है। इसमें 137 लैंडस्लाइड, 97 बाढ़ और 45 बादल फटने की घटनाएं शामिल हैं। आपदा में 1237 घर जमींदोज हो गए जबकि 5317 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।

राज्य सरकार और प्रशासन लगातार बचाव व पुनर्वास कार्यों में जुटा है, लेकिन आने वाले दिनों में फिर से बारिश लौटने के संकेत ने आम जनता की चिंता बढ़ा दी है।