Follow Us:

तबाही मचाने के बाद अब मानसून कमजोर पड़ने जा रहा! जानें बड़ा मौसम अपडेट

20 सितंबर से हिमाचल में मानसून कमजोर पड़ने की संभावना
मानसून सीजन में 424 मौतें और 4749 करोड़ का नुकसान
1602 घर जमींदोज और 30 हजार मवेशियों की मौत


हिमाचल प्रदेश में लगातार तबाही मचाने के बाद अब मानसून कमजोर पड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 20 सितंबर से राज्य में बारिश का असर कम हो जाएगा और 21 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। शिमला समेत अधिकतर इलाकों में आज सुबह धूप खिली और केवल कुछेक क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।

इस बार का मानसून सीजन (1 जून से 19 सितंबर) बेहद विनाशकारी साबित हुआ है। सामान्य से 46 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई। जहां औसतन 701.7 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 1021.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। शिमला में 107 प्रतिशत और कुल्लू में 106 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। बिलासपुर जिले में तो हालात और भी भयावह रहे, जहां 1 से 19 सितंबर के बीच सामान्य से 303 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।

इस भारी बारिश के कारण राज्य में 4749 करोड़ रुपए की सरकारी व निजी संपत्ति नष्ट हो चुकी है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, मानसून के दौरान अब तक 424 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 80 लोग बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन की चपेट में आए, जबकि 45 लोग अब तक लापता हैं और उनके जीवित बचने की उम्मीद बेहद कम है।

प्रदेश में 1602 घर पूरी तरह जमींदोज, 7025 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त, 585 दुकानें और 6815 गोशालाएं ढह गईं। इस आपदा ने पशुपालन को भी गहरी चोट पहुंचाई और करीब 30 हजार मवेशी मारे गए।

ऐसे में मानसून के कमजोर पड़ने की संभावना प्रदेशवासियों के लिए राहत लेकर आई है। लगातार तबाही झेल चुके लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में सामान्य जीवन पटरी पर लौट पाएगा।