Follow Us:

मौसम की बदलती तस्वीर के साथ अब पर्यटन सीजन को एक नई संजीवनी की आस, मौसम रहेगा साफ


➤ बेहतर मौसम से पर्यटन सीजन को मिलेगी संजीवनी, तापमान सामान्य से ऊपर
➤ मानसून सीजन में 4881 करोड़ की संपत्ति नष्ट, 454 लोगों की मौत


हिमाचल प्रदेश में अब मौसम करवट बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य से मानसून विदा होने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। वर्तमान में केवल किन्नौर, कुल्लू और शिमला के कुछ हिस्सों में ही मानसून की हलचल बची है। अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में पूरा प्रदेश मानसून से मुक्त हो जाएगा।

मौसम की इस बदलती तस्वीर के साथ ही अब पर्यटन सीजन को एक नई संजीवनी मिलने की उम्मीद है। विभाग ने अगले पांच दिन मौसम पूरी तरह साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। इसके चलते राज्य में तापमान में तेजी से उछाल देखा जा रहा है।

आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है। आमतौर पर ठंडे रहने वाले केलांग में पारा 5.9 डिग्री बढ़कर 23.9 डिग्री पहुंच गया है। कल्पा का तापमान 25.9 डिग्री, सोलन 31.4 डिग्री, शिमला 26.4 डिग्री और मनाली 26.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं मनाली के न्यूनतम तापमान में भी 5.7 डिग्री का उछाल दर्ज किया गया है।

इस बार के मानसून सीजन को अगर आंकड़ों में देखें तो यह सामान्य से कहीं ज्यादा सक्रिय रहा। 1 जून से 24 सितंबर तक हुई बारिश सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक रही। जहां सामान्यत: 723.1 मिलीमीटर बारिश होती है, इस बार 1023.4 मिलीमीटर पानी बरसा। अकेले शिमला में सामान्य से 99 प्रतिशत और कुल्लू में 97 प्रतिशत अधिक बारिश हुई।

लेकिन भारी बारिश ने प्रदेश को गहरे जख्म भी दिए। इस मानसून सीजन में 4881 करोड़ रुपए की संपत्ति नष्ट हुई है। 454 लोगों की मौत हुई, जबकि 50 लोग अब भी लापता हैं।

अब जब आसमान साफ होने और तापमान सामान्य से अधिक बने रहने की संभावना है, तो यह राज्य के पर्यटन उद्योग के लिए राहत की खबर है। त्योहारों का मौसम और छुट्टियां पर्यटन कारोबार को नई ऊंचाई दे सकती हैं।