➤ प्रदेश में 40 में से 39 नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी
➤ कुल पंचायतों की संख्या बढ़कर 3,616 हुई
➤ 31 मई से पहले तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव
हिमाचल प्रदेश में पंचायत व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में प्रस्तावित 40 में से 39 नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को पंचायती राज विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी। केवल मंडी जिले की एक पंचायत के गठन में तकनीकी पेच फंसा हुआ है, जिस पर विभागीय स्तर पर विचार-विमर्श जारी है।
नई पंचायतों के गठन के बाद अब प्रदेश में कुल पंचायतों की संख्या बढ़कर 3,616 हो गई है, जो पहले 3,577 थी। विभाग की ओर से अब इन पंचायतों का पुनर्सीमांकन किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार एक सप्ताह के भीतर नई पंचायतों की सीमाएं तय कर दी जाएंगी, ताकि आगामी चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।
राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव कराने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार सरकार को 31 मई से पहले चुनाव संपन्न कराने हैं। ऐसे में राज्य निर्वाचन आयोग और प्रशासनिक अमला पूरी सक्रियता के साथ व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा है।
जानकारी के मुताबिक पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के चुनाव तीन अलग-अलग चरणों में कराए जा सकते हैं। चुनाव प्रक्रिया के दौरान करीब 35 हजार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रदेश भर में लगभग 22 हजार मतदान केंद्र स्थापित किए जाने की तैयारी है।
निर्वाचन आयोग लगातार अधिकारियों के साथ बैठकें कर रहा है। जल्द ही आयुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को विस्तृत गाइडलाइन जारी की जाएगी, जिसमें नामांकन प्रक्रिया, मतदान का समय, मतगणना व्यवस्था और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों को लेकर स्पष्ट निर्देश होंगे।
इसके अलावा संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान की जा रही है। मतदान कर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकें।
पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने नई पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकार समयबद्ध तरीके से चुनाव करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।



