➤ हिमाचल के 51 नगर निकायों में सुबह 9 बजे तक करीब 16 फीसदी मतदान
➤ सोलन में सबसे ज्यादा 16.99 प्रतिशत वोटिंग, बूथों पर लगी लंबी लाइनें
➤ बुजुर्गों और फर्स्ट टाइम वोटरों में दिखा भारी उत्साह
हिमाचल Pradesh में नगर निकाय चुनावों को लेकर रविवार सुबह से मतदान जारी है। प्रदेश के 51 शहरी निकायों में सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हुई और शुरुआती घंटों में ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिलीं। राज्यभर में मतदाताओं में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर खासा उत्साह नजर आया। सुबह 9 बजे तक प्रदेश में लगभग 16 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया। कई जगहों पर मतदाता मतदान शुरू होने से पहले ही बूथों के बाहर पहुंच गए थे।

सबसे अधिक मतदान जिला सोलन में दर्ज किया गया, जहां सुबह 9 बजे तक 16.99 प्रतिशत वोट पड़े। वहीं शिमला में 14.58 प्रतिशत और धर्मशाला नगर निगम क्षेत्र में 13.1 प्रतिशत मतदान हुआ। मंडी, कांगड़ा, कुल्लू, ऊना, रामपुर, सुंदरनगर और सरकाघाट समेत कई इलाकों में सुबह से ही वोटरों की भीड़ देखने को मिली। कई मतदान केंद्रों पर लंबी लाइनों के कारण लोगों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ।

प्रदेश के 4 नगर निगम — मंडी, धर्मशाला, पालमपुर और सोलन — के अलावा 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। इन चुनावों के लिए करीब 550 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रदेशभर में 3 लाख 62 हजार 667 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। कुल 439 पार्षद पदों के लिए 1147 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनावी मुकाबले को लेकर राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।

इन चुनावों की सबसे खास तस्वीरें बुजुर्ग और युवा मतदाताओं की रहीं। चिड़गांव में 100 वर्षीय कौल दासी ने मतदान कर लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। रामपुर में 96 वर्षीय कलावती और मंडी में 96 वर्षीय बुजुर्ग महिला भी मतदान केंद्र पहुंचीं। ऊना में तारो देवी व्हील चेयर पर वोट देने पहुंचीं। इन तस्वीरों ने मतदान के प्रति लोगों की जागरूकता और जिम्मेदारी को दर्शाया।

कई जगहों पर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। युवा वोटरों ने मतदान के बाद उंगली पर लगी स्याही दिखाकर लोगों से मतदान की अपील की। मंडी, कांगड़ा और करसोग में युवाओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। कई मॉडल पोलिंग बूथों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कुछ स्थानों पर वरिष्ठ नागरिक मतदाताओं का तिलक लगाकर स्वागत भी किया गया।
चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा और मतदान प्रक्रिया को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद शुरू होगी, जबकि नगर निगम चुनावों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। नगर निगम चुनावों में इस्तेमाल ईवीएम मशीनों को मतदान समाप्त होने के बाद जिला मुख्यालयों में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।



