Follow Us:

हिमाचल में नर्सों की 400 नई भर्तियां जल्द

हिमाचल में नर्सों के 400 और पद भरेंगे, NHM और आउटसोर्स के तहत नियुक्ति
चार महीने में 600 नर्सें भर्ती, 53 डॉक्टरों की तैनाती भी जारी
चमियाना सुपर स्पेशलिटी में डॉक्टरों के लिए फील्ड पोस्टिंग की शर्त हटाई


हिमाचल प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य विभाग को और सुदृढ़ बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया है। प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में नर्सों के 400 पद भरे जाएंगे। इनकी भर्ती नेशनल हेल्थ मिशन और आउटसोर्स आधार पर की जाएगी। मेडिकल कॉलेजों और आदर्श अस्पतालों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

पिछले चार महीनों में स्वास्थ्य विभाग ने लगभग 600 नर्सों की भर्ती कर ली है। इन्हें प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों सहित विभिन्न आदर्श अस्पतालों में तैनात किया जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरने के निर्देश दिए थे।

प्रदेश में इस समय 6 मेडिकल कॉलेज, एक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और करीब 50 आदर्श अस्पताल संचालित हो रहे हैं। स्वास्थ्य सचिव एम सुधा ने बताया कि कैबिनेट की ताजा बैठक में नर्सों के 400 पदों पर नियुक्ति को मंजूरी मिली है और विभाग ने औपचारिकताएं आरंभ कर दी हैं।

दूसरी ओर, चमियाना सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों के लिए एक बड़ी राहत का फैसला लिया गया है। अब उनके लिए एक साल की फील्ड पोस्टिंग की शर्त को हटा दिया गया है। यह छूट केवल चमियाना में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों को ही मिलेगी, जबकि अन्य मेडिकल कॉलेजों और जोनल अस्पतालों में पूर्व नियम यथावत रहेंगे।

हाल ही में 10 अक्टूबर को रेजिडेंट डॉक्टरों से संबंधित नीति संशोधित की गई थी, जिसे एक बार फिर सुधारते हुए विभाग ने नई अधिसूचना जारी की है। इसके अनुसार, सीनियर रेजिडेंट की नियुक्ति अब लिखित परीक्षा के आधार पर की जाएगी और उनकी तैनाती शिमला, नाहन, हमीरपुर, नेरचौक, चंबा मेडिकल कॉलेज तथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में होगी।

नई नीति के तहत नेशनल हेल्थ मिशन, सीएमओ कार्यालय और स्वास्थ्य निदेशालय में की गई पोस्टिंग को अब बॉन्ड अवधि की परिधीय पोस्टिंग माना जाएगा, जबकि कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर की सेवा इस अवधि में परिधीय पोस्टिंग के रूप में नहीं गिनी जाएगी।