➤ रोहतांग, भरमौर और पांगी की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी, प्रदेश में फिर बढ़ी ठंड
➤ कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन में बुधवार के लिए अंधड़-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
➤ 11 से 13 अप्रैल तक फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, बारिश-बर्फबारी के आसार
हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। ऑरेंज अलर्ट के बीच मंगलवार को रोहतांग दर्रा, भरमौर और पांगी की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पूरे प्रदेश में ठंडक एक बार फिर बढ़ गई है। राजधानी शिमला में दोपहर बाद बादल बरसे, जबकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादल छाए रहे। तेज हवाओं के चलते मौसम में ठंडापन लौट आया और अधिकतम तापमान में सोमवार की तुलना में सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन जिलों के कई क्षेत्रों में अंधड़ और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 9 अप्रैल तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 10 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में धूप खिलने की संभावना है। हालांकि राहत ज्यादा लंबी नहीं रहने वाली, क्योंकि 11 से 13 अप्रैल के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते कई जगहों पर बारिश, बर्फबारी और तेज अंधड़ की आशंका जताई गई है।
मंगलवार दोपहर बाद करीब 13,050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा सहित कई ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। बीआरओ ने ग्रांफू-काजा सड़क की बहाली का कार्य तेज कर दिया है। मंगलवार को वाहन अटल टनल रोहतांग से कोकसर तक पहुंचे। वहीं, चंबा जिले के भरमौर और पांगी की ऊपरी चोटियों में 7 से 17 सेंटीमीटर तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। निचले क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही।
मौसम के इस बदले मिजाज का असर जनजीवन पर भी देखने को मिला। पांगी-सलूणी क्षेत्र में दो सड़कें बंद रहीं। नौ ट्रांसफार्मर बंद होने से करीब 45 गांवों में अंधेरा पसरा रहा। विभागीय टीमें सेवाओं को बहाल करने में जुटी रहीं। वहीं कणू नाला के पास भूस्खलन के बाद जाम की स्थिति बनी रही।
प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों जैसे ऊना, नाहन और सोलन में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी-कल्पा 0.4 डिग्री, ताबो 1.1 डिग्री, मनाली 5.5 डिग्री, शिमला 8.0 डिग्री और धर्मशाला 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान में कांगड़ा 26.0, मंडी 24.8, नाहन 24.3, ऊना 23.6, धर्मशाला 22.0, सोलन 18.5, मनाली 18.2 और शिमला 15.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।



