➤ पंचायत और निकाय चुनावों का शंखनाद, चुनाव आयोग ने मतदाता सूची बनाने का शेड्यूल जारी किया
➤ 14 अगस्त तक पोलिंग स्टेशन मैपिंग, 20-26 सितंबर के बीच ग्राम सभाएं होंगी आयोजित
➤ इस साल नवंबर-दिसंबर में होंगे 3600 पंचायतों और 73 निकायों के चुनाव
हिमाचल प्रदेश में पंचायत और नगर निकाय चुनावों का बिगुल बज चुका है। राज्य चुनाव आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने सभी जिलों के डीसी और जिला निर्वाचन अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह प्रक्रिया राज्य में इस वर्ष नवंबर-दिसंबर में प्रस्तावित पंचायत और नगर निकाय चुनावों की पूर्व तैयारी के रूप में की जा रही है।
पंचायत और निकाय चुनावों के लिए आयोग ने विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची के डाटाबेस को आधार बनाया है। इसी के अनुरूप पंचायती और नगरीय निकाय क्षेत्रों के लिए नई वोटर लिस्ट तैयार की जाएगी।
14 अगस्त तक जिला स्तर पर पोलिंग स्टेशन की मैपिंग, और 22 अगस्त तक ब्लॉक लेवल पर मैपिंग का कार्य पूरा करने को कहा गया है। इसके बाद 8 सितंबर तक मतदाताओं की वैरिफिकेशन, और 17 सितंबर तक पोलिंग बूथ मैपिंग पूरी करनी होगी।
19 सितंबर तक मतदाता सूची का ड्राफ्ट रोल प्रिंट कर लिया जाएगा, जिसे 20 से 26 सितंबर तक ग्राम सभा या निकाय बैठकों में सार्वजनिक रूप से रखा जाएगा। इस दौरान आमजन सुझाव और आपत्तियां दर्ज कर सकेंगे।
27 सितंबर तक पोलिंग स्टेशन की फाइनल मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा, इसके बाद चुनाव आयोग मतदाता सूची में नाम जोड़ने और हटाने का अलग से कार्यक्रम जारी करेगा।
गौरतलब है कि इस बार हिमाचल प्रदेश की 3600 से अधिक पंचायतों और 73 नगर निकायों में चुनाव करवाए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग इन चुनावों के सफल संचालन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।



