Follow Us:

हिमाचल पंचायत चुनाव में रिकॉर्ड नामांकन, तीन दिन में 79 हजार से ज्यादा दावेदार

हिमाचल पंचायत चुनाव में तीसरे दिन रिकॉर्ड 37,114 नामांकन दाखिल

तीन दिन में 79,676 उम्मीदवारों ने भरे नामांकन पत्र

चमियाणा जिला परिषद सीट पर मंत्री अनिरुद्ध सिंह की प्रतिष्ठा दांव पर


हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे और अंतिम दिन सोमवार को रिकॉर्ड संख्या में प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार सिर्फ एक दिन में 37 हजार 114 नामांकन पत्र जमा हुए। इससे पहले 7 मई को 16 हजार 891 और 8 मई को 25 हजार 671 नामांकन दाखिल किए गए थे। इस तरह तीन दिनों में कुल 79 हजार 676 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतर चुके हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक सबसे ज्यादा नामांकन कांगड़ा जिला में दर्ज किए गए, जहां 14 हजार 590 प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। वहीं सबसे कम नामांकन लाहौल-स्पीति जिले में हुए, जहां केवल 493 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। आयोग ने स्पष्ट किया कि चंबा जिले के पांगी विकास खंड की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए अंतिम आंकड़ा और बढ़ सकता है।

शिमला में जिला परिषद चमियाना वार्ड से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भूपेंद्र कंवर के नामांकन के लिए डीसी ऑफिस जाते हुए मंत्री अनिरुद्ध सिंह और समर्थक।

अब 12 मई को रिटर्निंग अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारी नामांकन पत्रों की जांच करेंगे। इसके बाद 15 मई तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। पंचायत चुनाव के लिए मतदान 26, 28 और 30 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक तीन चरणों में कराया जाएगा।

नामांकन के अंतिम दिन प्रदेशभर में कई जगह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और समर्थकों की भारी भीड़ के साथ प्रत्याशी नामांकन भरने पहुंचे। राजधानी शिमला के जिला परिषद वार्ड चमियाणा से कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी भूपेंद्र कंवर ने भी समर्थकों के साथ जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। उनके नामांकन के दौरान पंचायती राज मंत्री Anirudh Singh भी मौजूद रहे।

भूपेंद्र कंवर का मुकाबला जुन्गा राजघराने से जुड़े और क्योंथल रियासत के ‘खुश राजा’ कहे जाने वाले विक्रम सेन से माना जा रहा है। विक्रम सेन भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं और प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री Vikramaditya Singh के ममेरे भाई भी बताए जा रहे हैं। इसी वजह से चमियाणा जिला परिषद सीट प्रदेश की सबसे चर्चित और हॉट सीटों में शामिल हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे मंत्री अनिरुद्ध सिंह की प्रतिष्ठा से जोड़कर देखा जा रहा है।

प्रदेश की 3754 पंचायतों में कुल 31 हजार 214 जनप्रतिनिधियों का चयन किया जाएगा। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 बीडीसी सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। इन चुनावों में प्रदेश के 50 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पंचायत भवनों में की जाएगी। जबकि बीडीसी और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे। पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं और गांव स्तर पर चुनावी मुकाबले अब पूरी तरह रोचक बन चुके हैं।