Follow Us:

हिमाचल की 1258 पंचायतों में कल मतदान, चुनाव प्रचार थमा

हिमाचल की 1258 पंचायतों में 26 मई को पहले चरण का मतदान
चुनाव प्रचार थमा, अगले 48 घंटे तक ड्राई डे लागू
मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों की ओर रवाना


Himachal Pradesh में पंचायत चुनाव के पहले चरण को लेकर चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। प्रदेश की 1258 पंचायतों में 26 मई को मतदान होना है और इसके लिए रविवार दोपहर 3 बजे चुनाव प्रचार पूरी तरह थम गया। इसके साथ ही संबंधित पंचायत क्षेत्रों में अगले 48 घंटे तक ड्राई डे लागू कर दिया गया है। इस दौरान शराब के ठेके, बीयर बार और शराब परोसने वाले होटल पूरी तरह बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून व्यवस्था और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

स्टेट इलेक्शन कमीशन के निर्देशों के बाद सभी जिलों के डीसी और एसडीएम ने अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद प्रत्याशी अब जनसभा, जुलूस, रैली या सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा सिनेमा, टेलीविजन, सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रचार गतिविधियों पर भी पूरी तरह रोक लगा दी गई है। संगीत कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और मनोरंजन कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने की अनुमति भी नहीं होगी।

प्रशासन का कहना है कि हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज एक्ट के तहत मतदान समाप्त होने से 48 घंटे पहले सार्वजनिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया जाता है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराए जा सकें। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जा रहा है।

पहले चरण के मतदान को लेकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी भी शुरू हो चुकी है। दुर्गम और दूरदराज क्षेत्रों के कई मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रविवार को ही मतपेटियों और चुनाव सामग्री के साथ रवाना हो गईं। वहीं अधिकांश पोलिंग पार्टियां सोमवार सुबह अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए निकलेंगी, ताकि शाम तक सभी मतदान बूथ पूरी तरह तैयार किए जा सकें। मतदान 26 मई को सुबह 7 बजे शुरू होगा और दोपहर 3 बजे तक चलेगा।

इस बार पंचायत चुनाव पांच अलग-अलग पदों के लिए कराए जा रहे हैं। मतदाता प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य, बीडीसी सदस्य और जिला परिषद सदस्य के लिए मतदान करेंगे। यानी प्रत्येक मतदाता को पांच वोट डालने होंगे। मतदान समाप्त होने के कुछ देर बाद पंचायत भवनों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य के मतों की गिनती शुरू होगी और देर शाम तक इनके परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

वहीं बीडीसी और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को की जाएगी। इसके लिए संबंधित मतपेटियों को स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। चुनाव आयोग ने अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग रंग के मतपत्र निर्धारित किए हैं। वार्ड सदस्य के लिए सफेद, उपप्रधान के लिए पीला, प्रधान के लिए हल्का हरा, पंचायत समिति सदस्य के लिए गुलाबी और जिला परिषद सदस्य के लिए नीले रंग का मतपत्र इस्तेमाल किया जाएगा।

प्रदेश में दूसरे चरण का मतदान 28 मई को 1170 पंचायतों में होगा। इसके बाद 31 मई को बीडीसी और जिला परिषद मतगणना के साथ पंचायत चुनाव प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। खास बात यह है कि प्रदेश की 131 पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।