Follow Us:

हिमाचल पंचायत चुनाव से पहले बड़ा बदलाव, सीमाओं का पुनर्गठन तय, अप्रैल में मतदान की तैयारी


➤ पंचायतों और जिला परिषद वार्डों का नए सिरे से पुनर्गठन व पुनर्सीमांकन
➤ नई पंचायतों के गठन का रास्ता साफ, अधिसूचना जल्द
➤ अप्रैल में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव करवाने की तैयारी



शिमला: हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। सरकार ने पंचायतों और जिला परिषद वार्डों के नए सिरे से पुनर्गठन और पुनर्सीमांकन का फैसला लिया है। इसके तहत नई पंचायतें भी गठित की जाएंगी और कुछ क्षेत्रों में वार्डों की सीमाएं बदली जाएंगी।

पंचायतीराज विभाग की योजना के अनुसार अप्रैल में चुनाव करवाने का लक्ष्य रखा गया है। मौजूदा पंचायतों का कार्यकाल जनवरी के अंत में पूरा हो रहा है। इसके बाद अंतरिम व्यवस्था के तौर पर प्रशासकों की नियुक्ति की जाएगी। सूत्रों के अनुसार पटवारी, कानूनगो और अध्यापक इस जिम्मेदारी को संभाल सकते हैं।

अधिसूचना जारी होते ही जिला उपायुक्त पुनर्सीमांकन की प्रक्रिया शुरू करेंगे। इसके साथ ही मतदाता सूचियों का अद्यतन किया जाएगा, जिसमें आपत्ति और सुझाव दर्ज कराने का भी अवसर मिलेगा। फरवरी और मार्च के दौरान यह पूरी प्रक्रिया पूरी किए जाने की योजना है।

सरकार को नई पंचायतों के गठन के लिए कई आवेदन प्राप्त हुए हैं। साथ ही, कुछ पंचायतों में लंबे समय से महिलाओं के लिए आरक्षण लागू रहने के मुद्दे की भी समीक्षा की जा रही है। वर्तमान में प्रदेश में 3,577 पंचायतें, 91 पंचायत समितियां और 250 जिला परिषद वार्ड हैं, जिनकी संख्या पुनर्गठन के बाद घट या बढ़ सकती है।