➤ पेंशनरों के एरियर का भुगतान अगस्त 2026 में होगा
➤ क्लास-III पेंशनरों को 35%, क्लास-I और II को 15% एरियर मिलेगा
➤ ग्रुप-D कर्मचारियों को अगस्त में 20 हजार रुपये नकद एरियर मिलेगा
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पेंशनरों और ग्रुप-D कर्मचारियों के एरियर के भुगतान को लेकर मंगलवार को दो अलग-अलग आदेश जारी किए हैं। वित्त विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार पात्र कर्मचारियों और पेंशनरों को अगस्त 2026 में एरियर की राशि का भुगतान किया जाएगा।
सरकार के आदेश के मुताबिक 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 के बीच सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन और फैमिली पेंशन के एरियर का भुगतान किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रुप-D कर्मचारियों को संशोधित वेतनमान के तहत बनने वाले एरियर की राशि भी जारी की जाएगी।
क्लास-III पेंशनरों को 35 प्रतिशत एरियर
सरकार ने क्लास-III श्रेणी के पेंशनरों के लिए कुल बकाया एरियर का 35 प्रतिशत जारी करने का फैसला लिया है। इसमें 40 हजार रुपये तक की बेसिक पेंशन और 24 हजार रुपये तक की फैमिली पेंशन पाने वाले पात्र होंगे।
वहीं क्लास-II पेंशनरों को कुल एरियर का 15 प्रतिशत और क्लास-I पेंशनरों को भी 15 प्रतिशत एरियर जारी किया जाएगा।
इस भुगतान के बाद अब तक जारी कुल एरियर का हिस्सा क्लास-III पेंशनरों के लिए बढ़कर 55 प्रतिशत हो जाएगा। इसी तरह क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों के लिए अब तक जारी कुल एरियर 35 प्रतिशत हो जाएगा।
पहले मिली राहत राशि एरियर में होगी समायोजित
सरकार ने आदेश में स्पष्ट किया है कि पेंशनरों को पहले जारी की गई इंटरिम रिलीफ और डीए रिलीफ की किस्तों को सकल एरियर में समायोजित किया जाएगा। इन राशियों को घटाने के बाद जो एरियर बचेगा, उसका भुगतान पात्र पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों को किया जाएगा।
पेंशन भुगतान प्राधिकरण और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को अगस्त 2026 के दौरान पात्र लाभार्थियों को राशि वितरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रुप-D कर्मचारियों को 20 हजार रुपये नकद
वित्त विभाग के दूसरे आदेश में ग्रुप-D कर्मचारियों के संशोधित वेतनमान के एरियर के भुगतान को मंजूरी दी गई है। यह भुगतान हिमाचल प्रदेश सिविल सर्विसेज (रिवाइज्ड पे) रूल्स, 2022 के तहत 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतनमान के कारण बनने वाले एरियर के आधार पर किया जाएगा।
आदेश के अनुसार ग्रुप-D कर्मचारियों को उनके कुल एरियर में से 20 हजार रुपये की राशि अगस्त 2026 में नकद भुगतान के रूप में दी जाएगी। एरियर से संबंधित अन्य नियम और शर्तें पहले जारी किए गए 17 सितंबर 2022 के आदेश के अनुसार ही लागू रहेंगी।
स्वतंत्रता दिवस पर सीएम ने की थी घोषणा
ग्रुप-D कर्मचारियों को 20 हजार रुपये एरियर देने की घोषणा मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 15 अगस्त को बड़सर में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान की थी। अब वित्त विभाग ने इस घोषणा के अनुरूप भुगतान को लेकर औपचारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
इस फैसले से लंबे समय से अपने बकाया एरियर के भुगतान का इंतजार कर रहे पेंशनरों और ग्रुप-D कर्मचारियों को अगस्त में आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।



