हिमाचल को कांग्रेस ने अपराध,माफियाराज और कर्ज के दलदल में धकेला : चेतन बरागटा

|

Himachal Pradesh corruption crisis: हिमाचल प्रदेश में भाजपा की विशाल रैली के बाद सियासी माहौल गरमा गया है। भाजपा प्रवक्ता चेतन बरागटा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल को अपराध, माफियाराज और कर्ज के दलदल में धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और कुशासन के खिलाफ जनता में आक्रोश बढ़ रहा है, जिससे साफ है कि यह सरकार ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है।

बरागटा ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराधियों को कांग्रेस सरकार का खुला संरक्षण प्राप्त है। अपराध बढ़ रहे हैं और प्रशासन लाचार नजर आ रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने बागवानी माफिया को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिना उचित जांच और क्वारंटीन प्रक्रिया के विदेशों से लाखों की संख्या में सेब के पौधे मंगवाए जा रहे हैं। इससे खतरनाक वायरस और कीट प्रदेश के बागीचों में फैल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार इस पर चुप क्यों है और इस समस्या का समाधान करने के बजाय आंखें मूंदे बैठी है।

बरागटा ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि हर विभाग में घोटाले हो रहे हैं—चाहे वह खाद्य आपूर्ति हो, शिक्षा हो या स्वास्थ्य क्षेत्र। कांग्रेस नेताओं और उनके करीबी ठेकेदारों ने प्रदेश को लूटने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति बेहद खराब हो गई है। हिमाचल पर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चढ़ चुका है, और सरकार इसे छुपाने के लिए नए-नए टैक्स लगाकर जनता पर बोझ डाल रही है। महंगाई लगातार बढ़ रही है और आम जनता परेशान है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि जनता अब इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है। आने वाले समय में हिमाचल में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा।