Follow Us:

जिला प्रशासन करेगा कोरोना मृतकों का संस्कार, बस जानकारी उनतक पहुंचा दें: DC कांगड़ा

मृत्युंजय पुरी |

कांगड़ा के रानीताल में बेटे द्वारा महिला के शव को कंधे पर उठाकर शमशान घाट पहुंचाने के मामले पर स्थानीय प्रशासन ने संज्ञान लिया है। डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि कोई भी कोविड पॉजिटिव शव अब बेसहारा हालत में नहीं होगा। इसके लिए जिला के सभी उपमंडलाधिकारियों के साथ वह वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक करके जरूरी निर्देश देंगे।

उन्होंने बताया कि अब तक जो भी कोविड-19 से मौतें हुई हैं, उनमें से 90 प्रतिशत शवों का अंतिम संस्कार प्रत्यक्ष तौर पर प्रशासन के सहयोग से किया गया है। यह बताता है कि इस महामारी के दौर में हमारा समाज किस दिशा में जा रहा है। लोग अपने स्तर पर सहायता नहीं कर सकते हैं तो न करें, लेकिन किसी भी शव को जिला कांगड़ा में बेसहारा नहीं रहने दिया जाएगा। इससे पता चलता है कि समाज अपनी जिम्मेदारियों से दूर भाग रहा है और सामाजिक मूल्यों का पतन हो रहा है।

ऐसे में अब प्रशासन अपने स्तर पर कदम उठाएगा और हरेक कोविड-19 पॉजिटिव शव की अंत्येष्टि प्रशासन की मौजूदगी व निगरानी में ही हो यह सुनिश्चित किया जाएगा। अगर समाज इसमें कोई योगदान देना चाहे तो हमें सीधा संपर्क कर सीधे तौर पर सहयोग कर सकते हैं। रानीताल के पास हुई घटना हमारे सोए हुए समाज की बंद आंखे जरूर खोलेगी। हालांकि प्रशासनिक स्तर पर भी इस मामले की पड़ताल करवा रहे हैं। आइंदा ऐसा या किसी को भी जरूरत या कोई मदद न करे तो वे जिला प्रशासन को फोन कर ख़बर कर सकता है।