Follow Us:

DGP मरड़ी ने माना- जिला कांगड़ा में बढ़ा अपराधों का ग्राफ

मृत्युंजय |

क़सौली गोलीकांड के बाद से पुलिस प्रशासन लग़ातार अपनी छवि सुधारने में लगा है। इसी कड़ी में पुलिस प्रमुख डीजीपी मरड़ी ने इन दिनों एक कार्यक्रम चला रखा है, जिसके तहत कई चिन्हित जगहों पर जाकर पुलिस के तारीफों के पुल बांधे जा रहे हैं और महिला सुरक्षा से लेकर हर मुद्दे पर कानून व्यवस्था को स्ट्रॉन्ग करार दिया जा रहा है।

मंगलवार को भी डीजीपी मरड़ी धर्मशाला पहुंचे और अधिकारियों के साथ बैठक के बाद मीडिया से रूबरू हुए। क़सौली गोलीकांड में पुलिस की ढील को स्वीकारते हुए मरड़ी ने कहा कि आरोपी ग़िरफ्त में है और पुलिस घटना से सबक लेकर प्रदेशभर में पुलिस प्रशासन से बैठकें कर जरूरी दिशा-निर्देश दे रही है। पालमपुर गैंगरेप में पुलिस ने बेहतर काम किया है और कांगड़ा के अधिकांश मामले सुलझाए जा चुके हैं।

साथ ही मरड़ी ने ये भी माना के कांगड़ा जिला में अपराधों के अधिक मामले सामने आए हैं। उनमें से अधिकांश मामलों को सुलझा लिया गया है और जो बाकी रहे हैं उन्हें सॉर्ट आउट करने का प्रयास जारी है। हिमाचल में साइबर क्राइम की बढ़ती वारदातों के चलते साइबर लैब स्थापित की जाएगी, जिसके लिए केंद्र ने बकायदा डेढ़ करोड़ की राशि भी जारी की है।