Follow Us:

हिमाचल को मिला नया राज्यपाल: कविंद्र गुप्ता को जिम्मेदारी, शिव प्रताप शुक्ल बने तेलंगाना गवर्नर

लद्दाख के उप-राज्यपाल कविंद्र गुप्ता हिमाचल प्रदेश के नए राज्यपाल नियुक्त
मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया
राष्ट्रपति के आ


शिमला। हिमाचल प्रदेश को नया राज्यपाल मिल गया है। केंद्र सरकार ने लद्दाख के उप-राज्यपाल रहे कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया है, जबकि वर्तमान राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। इस संबंध में राष्ट्रपति कार्यालय ने गुरुवार देर रात आदेश जारी किए।

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ. सीवी आनंद बोस के इस्तीफे के बाद केंद्र ने कई राज्यों में राज्यपालों का व्यापक फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत हिमाचल और लद्दाख समेत कुल 9 राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है।

कविंद्र गुप्ता का राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन काफी लंबा रहा है। 66 वर्षीय कविंद्र गुप्ता जम्मू शहर के जानीपुर क्षेत्र के निवासी हैं और वह तीन बार जम्मू के महापौर रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई में महासचिव के रूप में भी काम किया है।

उनका राजनीतिक सफर युवा राजनीति से शुरू हुआ। 1993 से 1998 तक लगातार दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष भी रहे। बाद में 2014 के विधानसभा चुनाव में गांधी नगर सीट से पहली बार विधायक चुने गए और इसके बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर विधानसभा का स्पीकर बनाया गया।

सार्वजनिक जीवन की शुरुआत उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के सचिव के रूप में की थी। बताया जाता है कि आपातकाल के दौरान उन्होंने करीब 13 महीने जेल में भी बिताए। युवावस्था से ही सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे कविंद्र गुप्ता करीब 13 साल की उम्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे।

जुलाई 2025 में उन्हें केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख का तीसरा उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया था। उन्होंने 18 जुलाई 2025 को पद की शपथ ली और लगभग 9 महीने तक इस पद पर सेवाएं देने के बाद हाल ही में इस्तीफा दिया। इसके बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं हिमाचल प्रदेश के मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल अब तेलंगाना के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालेंगे। उन्होंने 18 फरवरी 2023 को हिमाचल के राज्यपाल पद की शपथ ली थी और लगभग तीन साल तक इस पद पर सेवाएं दीं

इस फेरबदल के तहत तरनजीत सिंह संधु को दिल्ली का राज्यपाल, जिश्नु देव वर्मा को महाराष्ट्र का राज्यपाल, नंद किशोर यादव को नागालैंड का राज्यपाल और लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि को पश्चिम बंगाल की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं दिल्ली के राज्यपाल वीके सक्सेना को लद्दाख का नया उप-राज्यपाल नियुक्त किया गया है।