- अगले 6 दिन तक हिमाचल में रुक-रुक कर बारिश के आसार, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी
- बारिश के बाद तापमान में 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट, मौसम हुआ सुहावना
- शिमला, मनाली और अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ी रौनक
हिमाचल प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से जारी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले छह दिनों तक अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। लगातार बदल रहे मौसम और बारिश के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है।
बारिश के बाद पहाड़ों की खूबसूरती और बढ़ गई है। शिमला, मनाली, धर्मशाला, डलहौजी और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर देशभर से पहुंचे पर्यटक ठंडे और मनमोहक मौसम का आनंद ले रहे हैं। वहीं मंगलवार सुबह शिमला सहित राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली रही, हालांकि मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग ने 3 जून को चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के लिए आंधी और तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद 4 जून को किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
5 जून को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला और सिरमौर जिलों में भी यलो अलर्ट जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 6 और 7 जून को भी प्रदेश में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
बीते 24 घंटों के दौरान शिमला में 12 मिलीमीटर, सोलन में 6.8 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 12.2 मिलीमीटर, कल्पा में 1.8 मिलीमीटर और कुफरी में 12 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है।
प्रदेश के अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया। चंबा में सबसे अधिक गिरावट देखने को मिली, जहां तापमान सामान्य से 8.7 डिग्री कम होकर 30.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
कांगड़ा का तापमान सामान्य से 6.3 डिग्री कम होकर 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नाहन में तापमान 4 डिग्री की गिरावट के साथ 29.9 डिग्री, मनाली में 2 डिग्री की कमी के बाद 23.5 डिग्री और शिमला में 2 डिग्री गिरकर 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी।



