Follow Us:

ऊना के कई इलाके पूरी तरह सील, परिजनों सहित डॉक्टर्स को भी क्वारंटाइन किया

रविंद्र, ऊना |

ऊना के गांव नकड़ोह में तीन मामले सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। प्रशासन ने फिलहाल 13 और लोगों को क्वारंटाइन किया है। इसमें हशमत अली के पूरे परिवार को रात 2 बजे क्वारंटाइन कर दिया गया। सिविल अस्पताल गगरेट का स्टाफ क्वारंटाइन कर दिया गया है। उनके परिवारों को भी होम क्वारंटाइन किया गया है। जो भी कोरोना पॉजिटिव रहे लोगों के संपर्क में आए थे, उनका पता लगाकर क्वारंटाइन किया जा रहा है।

कोरोना संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों के सैंपल भी लिए जा रहे हैं। ऊना से विशेषज्ञ चिकित्सक और स्टाफ़ ने पॉजिटिव आए लोगों के सैंपल लेने के लिए सुरक्षा किट पहनी थी। नकड़ोह और आसपास के तीन इलाकों को फायर ब्रिगेड वाहनों से सैनिटाइज किया जा रहा है। प्रशासन ने साथ लगती अमलेहड़, राम नगर और कैलाश नगर पंचायत को भी सील कर दिया है। पुलिस के लगभग 50 जवानों द्वारा पूरे क्षेत्र की किला बंदी कर दी गई है।

थाना प्रभारी अम्ब गौरव भारद्वाज ने बताया 13 स्थानीय लोग क्वारंटाइन किए गए है। इसके अलावा एक एएसआई, दो होमगार्ड, एक डॉक्टर और एक ड्राइवर फिलहाल डॉक्टर की निगरानी में हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इनके सैंपल भी ले लिए गए हैं। नकडोह गांव को सैनिटाइज करने के लिए दमकल महकमे की गाड़ी का इस्तेमाल किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के एक लैब तकनीशियन समेत सहयोगी स्टाफ के तीन लोगों को भी क्वारंटाइन किया गया।