➤ हिमाचल चुनाव आयोग ने पंचायत और नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची का कार्यक्रम घोषित किया
➤ 6 अक्टूबर को ड्राफ्ट सूची जारी, 8 से 17 अक्टूबर तक आपत्तियां दर्ज होंगी
➤ 13 नवंबर तक अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी
हिमाचल प्रदेश में दिसंबर 2025 में होने वाले पंचायत और नगर निकाय चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची तैयार करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मुख्य चुनाव आयुक्त अनिल कुमार खाची ने बुधवार को इसकी अधिसूचना जारी की।
जारी कार्यक्रम के अनुसार, 6 अक्टूबर 2025 को चुनाव आयोग मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित करेगा। इसके बाद 8 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक मतदाता अपने नाम या अन्य त्रुटियों को लेकर आपत्तियां और सुझाव दर्ज करवा सकेंगे। इन दावों और आपत्तियों पर आयोग 27 अक्टूबर तक विचार करेगा और उसी दिन निर्णय भी लेगा।
अगर किसी व्यक्ति को आयोग के फैसले पर आपत्ति है तो वह 27 अक्टूबर से 3 नवंबर तक अपीलीय प्राधिकारी यानी जिला उपायुक्त (DC) के समक्ष अपील कर सकेगा। आयोग इन अपीलों पर 10 नवंबर तक अंतिम निर्णय लेगा।
इसके बाद सभी सुझाव और आपत्तियों पर निर्णय लेकर आयोग 13 नवंबर 2025 या इससे पहले अंतिम मतदाता सूची जारी करेगा। चुनाव आयोग ने सभी नागरिकों से समय रहते अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करने और किसी भी त्रुटि को लेकर तुरंत आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है।
लोग अधिक जानकारी और दिशा-निर्देश के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।



