➤ चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में 18 जून तक यलो अलर्ट
➤ प्रदेश भर में 20 जून तक खराब रहेगा मौसम, मध्यम बारिश की संभावना
➤ 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी
शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश और अंधड़ का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, 15 जून से 18 जून तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
20 जून तक अलर्ट मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे हिमाचल प्रदेश में 20 जून तक मौसम खराब रहेगा। हालांकि, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आधिकारिक आगमन में अभी समय है, लेकिन प्री-मानसून की बौछारें प्रदेश में सक्रिय हो चुकी हैं। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 14 से 20 जून तक तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। बीते 24 घंटों में कांगड़ा के धर्मशाला में सर्वाधिक 28.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
तापमान और जन-सुरक्षा रविवार को राज्य के अधिकतम तापमान में दो से सात डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में चार से आठ डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। विभाग ने कमजोर होर्डिंग्स, कच्ची छतों और पेड़ों के गिरने की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। इसके अलावा, बिजली लाइनों और संचार प्रणालियों को भी नुकसान पहुंच सकता है।



