Follow Us:

बारिश के अलर्ट के बीच ऊना में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड, 11 जिलों में आंधी की चेतावनी जारी

डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में मौसम के अलर्ट के बीच कई इलाकों में गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी है। इन इलाकों में मौसम शुष्क सा बने रहने के चलते गर्मी बढ़ रही है। हालांकि मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक आज बुधवार को प्रदेश में आंधी और गरज बौछार हो सकती है। इसके लिए विभाग की ओर से चेतावनी भी जारी हो चुकी है। ये चेतावनी लाहौल स्पीति को छोड़कर प्रदेश के 11 जिलों में के लिए जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, 20 से 22 अप्रैल को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात व निचले क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। 20 अप्रैल को 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। इससे पहले मंगलवार को रोहतांग दर्रे सहित कुंजम, बारालाचा और शिंकुला दर्रे में फाहे गिरे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने बताया कि सभी दर्रों में बर्फ के फाहे गिर रहे हैं। सड़क बहाली सहित सड़कों का मरम्मत कार्य जारी है।

ऊना में गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड

बारिश की संभावना के बीच ऊना में 19 अप्रैल को गर्मी का 25 साल का रिकॉर्ड टूटा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना में वर्ष 1997 में 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। धर्मशाला और शिमला में न्यूनतम तापमान में करीब छह डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की वृद्धि हुई।