➤ डेढ़ महीने से चला आ रहा ड्राइ स्पेल आज टूटने के आसार
➤ चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में आंधी-तूफान का येलो अलर्ट
➤ 15–16 मार्च को प्रदेशभर में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात संभव
शिमला। हिमाचल प्रदेश में करीब डेढ़ महीने से जारी सूखे जैसे हालात अब खत्म होने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो गया है, जिसके कारण आज से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसका असर अगले छह दिनों तक बने रहने की संभावना है। इस दौरान प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश, जबकि अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हो सकता है।
मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों के लिए आज और कल आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 13 मार्च को वेस्टर्न डिस्टरबेंस थोड़ा कमजोर रहेगा, जिससे प्रदेश में बादल छाए रहने या हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। लेकिन 14 मार्च को यह फिर मजबूत होगा और 15 मार्च को प्रदेशभर में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान है। 16 मार्च को भी बारिश-बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है।
गर्मी से मिलेगी राहत
पिछले कुछ दिनों में प्रदेश में तापमान में असामान्य बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। कई शहरों में तापमान सामान्य से 8 से 12 डिग्री सेल्सियस तक अधिक पहुंच गया था। आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
कई शहरों में तापमान सामान्य से काफी अधिक
प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर चला गया है। केलांग का तापमान सामान्य से 11.2 डिग्री ज्यादा होकर 14.2 डिग्री, कल्पा का 11.0 डिग्री उछाल के बाद 21.6 डिग्री, शिमला का 7.4 डिग्री बढ़कर 23.2 डिग्री, ऊना का 34.7 डिग्री और कांगड़ा का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री दर्ज किया गया है।
न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ज्यादा
न्यूनतम तापमान में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। मनाली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 9.1 डिग्री ज्यादा होकर 11.9 डिग्री, शिमला का 7.9 डिग्री ज्यादा के साथ 14.5 डिग्री, कांगड़ा का 17.0 डिग्री और बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री दर्ज किया गया है।
मार्च में अब तक 100% कम बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में सामान्य से 96 प्रतिशत कम और मार्च में अब तक 100 प्रतिशत कम बारिश हुई है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण कई क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात बनने लगे थे।



