Follow Us:

केंद्रीय बजट में हिमाचल को 2911 करोड़: रेल विस्तार को बड़ी सौगात, 17,711 करोड़ के प्रोजेक्ट जारी

➤ बजट में हिमाचल को रेल विस्तार के लिए 2911 करोड़ की राशि
➤ अमृत स्टेशन योजना में 4 स्टेशन, 46 करोड़ का काम
➤ 100% विद्युतीकरण, 26 फ्लाईओवर-अंडरपास और वंदे भारत सेवा


केंद्रीय बजट में हिमाचल प्रदेश को रेल नेटवर्क विस्तार के लिए 2911 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि यह राशि पूर्व में केंद्र में रही कांग्रेस सरकार के मुकाबले 27 गुना अधिक है।

उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश में वर्तमान में 17,711 करोड़ रुपए की लागत से रेल परियोजनाएं जारी हैं, जिनसे राज्य में रेल संपर्क बेहतर होगा और यात्रियों को सुविधाजनक सफर मिलेगा। नई रेल लाइनों, स्टेशनों के आधुनिकीकरण और सुरक्षा पर विशेष निवेश किया जा रहा है।

अमृत स्टेशन योजना के तहत हिमाचल के चार रेलवे स्टेशन शामिल किए गए हैं, जिन पर 46 करोड़ रुपए खर्च हो रहे हैं। बैजनाथ-पपरोला और अंब अंदौरा स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है। यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए राज्य में एक जोड़ी वंदे भारत एक्सप्रेस भी संचालित है।

रेल मंत्री ने बताया कि प्रदेश में शत-प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। वर्ष 2014 के बाद से अब तक करीब 16 किमी नई रेल लाइन बिछाई गई है। साथ ही 26 फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि रेल नेटवर्क विस्तार में राज्य सरकार का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है और मुख्यमंत्री से परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कराने में सहयोग की अपील की।