➤ हिमाचल के अधिकांश हिस्सों में बारिश और तूफान से मौसम सुहावना हुआ
➤ 10 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अल्ट जारी, 50 KM प्रति घंटा तक चल सकती हैं हवाएं
➤ बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की गिरावट दर्ज
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। बीती रात भी प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में तेज बारिश और तूफान देखने को मिला। मौसम में आए अचानक बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है और पहाड़ों पर मौसम पूरी तरह सुहावना हो गया है।
मौसम विभाग (IMD) ने आज भी प्रदेश में खराब मौसम की संभावना जताई है। विभाग ने लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी 10 जिलों में आंधी-तूफान का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तेज हवाओं और बारिश को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश और तूफान का असर प्रदेश के कई जिलों में देखने को मिला। कांगड़ा में तूफान के बाद सुबह करीब दो घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं सुजानपुर के चमियाना क्षेत्र में तेज हवाओं की वजह से बिजली की एचटी लाइन टूट गई, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई।
बीते शुक्रवार को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ा और कई शहरों के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। कुफरी में सबसे ज्यादा 6.3 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई, जिसके बाद तापमान 17.8 डिग्री सेल्सियस रह गया।
इसी तरह धर्मशाला का अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शिमला का तापमान 4 डिग्री गिरने के बाद 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मनाली का पारा 4.8 डिग्री की गिरावट के बाद 24.6 डिग्री और कांगड़ा का तापमान 4.3 डिग्री कम होकर 32.5 डिग्री सेल्सियस रह गया।
बारिश और ओलावृष्टि का असर न्यूनतम तापमान पर भी देखने को मिला। नाहन का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम सुहावना बना रहेगा।
IMD के अनुसार 31 मई को भी प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। एक जून से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा, लेकिन 2 जून तक ऊंचाई वाले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है। वहीं 3 और 4 जून को भी ऊंचे पहाड़ी इलाकों में बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
मौसम में आए इस बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं पर्यटन स्थलों पर पहुंचे पर्यटक भी ठंडी हवाओं और सुहावने मौसम का आनंद उठा रहे हैं।



