Follow Us:

हिमाचल में बारिश से बदला मौसम, कई जिलों में अलर्ट

शिमला, मंडी और कांगड़ा में बारिश से मौसम सुहावना
चार जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी
सोलन का तापमान 12 डिग्री गिरा, प्रदेश में ठंडक बढ़ी



हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। राजधानी शिमला, मंडी और कांगड़ा सहित कई क्षेत्रों में बारिश होने से जहां मौसम सुहावना हो गया है, वहीं लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। सुबह के समय कांगड़ा में हुई बारिश के बाद वातावरण में ठंडक बढ़ गई, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश का सिलसिला जारी है।

मौसम विभाग (IMD) ने आज के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है। विभाग के अनुसार अगले पांच से छह दिनों तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है और बीच-बीच में बारिश का दौर जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने बताया कि लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य अधिकांश जिलों में ओलावृष्टि और तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 30 अप्रैल और 1 मई को भी चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है।

2 मई को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस थोड़ा कमजोर पड़ सकता है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे। इसके बाद 3 और 4 मई को फिर से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है।

बारिश के चलते प्रदेश में तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जिससे औसत तापमान सामान्य से 4.8 डिग्री नीचे पहुंच गया है। सबसे ज्यादा गिरावट सोलन में दर्ज की गई, जहां तापमान 12.5 डिग्री लुढ़ककर 20.5 डिग्री सेल्सियस रह गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 12 डिग्री गिरावट के बाद तापमान 24.5 डिग्री, भुंतर में 10.4 डिग्री गिरावट के बाद 24 डिग्री, मंडी में 10.4 डिग्री कम होकर 25.6 डिग्री और ऊना में 9.4 डिग्री गिरकर 32.6 डिग्री दर्ज किया गया। गौरतलब है कि सोमवार को ऊना का तापमान 42 डिग्री तक पहुंच गया था।

बारिश और ठंडी हवाओं के चलते पहाड़ी इलाकों में मौसम बेहद सुहावना हो गया है। सोलन में 2.2 मिमी, शिमला में 0.4 मिमी, कल्पा में 0.7 मिमी, भुंतर में 0.2 मिमी, मनाली में 1 मिमी और जुब्बड़हट्टी में 2 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली है, लेकिन विभाग ने खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह भी दी है।