➤ 35 घंटे से जारी बारिश-बर्फबारी, ठंड ने फिर बढ़ाई मुश्किलें
➤ 4 जिलों में ओलावृष्टि और तेज तूफान का अलर्ट जारी
➤ कई शहरों में तापमान सामान्य से 12°C तक नीचे गिरा
हिमाचल प्रदेश में पिछले करीब 35 घंटों से लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। इस बदलाव के चलते प्रदेश में एक बार फिर दिसंबर-जनवरी जैसी कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।
मनाली और आसपास के इलाकों में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। खासकर सोलंग नाला और अटल टनल के आसपास भारी बर्फबारी देखने को मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, अटल टनल क्षेत्र में करीब 3 फीट तक बर्फ जम चुकी है, जिससे हालात काफी चुनौतीपूर्ण हो गए हैं। बर्फबारी के चलते सड़कें फिसलन भरी हो गई हैं और विजिबिलिटी भी कम हो गई है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अटल टनल को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद कर दिया है। सुरक्षा के मद्देनज़र वाहनों की आवाजाही केवल नेहरूकुंड तक सीमित कर दी गई है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए एडवाइजरी
प्रशासन ने साफ कहा है कि बिना जरूरी काम के ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा से बचें। लगातार बर्फबारी के कारण लैंडस्लाइड और सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार हैं।
मौसम विभाग ने आज मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं बिलासपुर, कुल्लू और सोलन में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
इसके साथ ही 4 जिलों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी संभावना जताई गई है, जिससे किसानों और आम लोगों की चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने और सतर्क रहने की अपील की है।
कल से राहत के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस कल से कमजोर पड़ने लगेगा। इसके बाद केवल ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी ही देखने को मिल सकती है। हालांकि फिलहाल मौसम के तेवर अभी भी सख्त बने हुए हैं।
तापमान में भारी गिरावट
लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई शहरों में तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है:
-
ऊना: सामान्य से 12.2°C कम, 17.6°C दर्ज
-
मंडी: 9.7°C गिरावट के साथ 18.9°C
-
भुंतर: 8.4°C गिरावट के बाद 15.4°C
-
सुंदरनगर: 8.2°C गिरावट के बाद 18.4°C
-
सोलन: 9.4°C गिरावट के साथ 16.0°C
इस अचानक बदलाव से लोगों को फिर से सर्दी से बचाव के इंतजाम करने पड़ रहे हैं।



