Follow Us:

16 मार्च को हिमाचल में राज्यसभा चुनाव, इंदू गोस्वामी का कार्यकाल खत्‍म होने को, कांग्रेस में 3 दावेदार


इंदु गोस्वामी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त, नई सदस्यता से पहले मतदान
कांग्रेस में तीन नाम चर्चा में, राजनीतिक हलचल तेज


हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय चुनाव आयोग ने प्रदेश समेत 10 राज्यों में राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हिमाचल से राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का छह वर्ष का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है। इससे पहले नए सदस्य के चयन के लिए 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च तय की गई है, जबकि 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मार्च रहेगी। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और उसी दिन परिणाम सामने आ जाएंगे।

चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ गई है। फरवरी 2024 में हुए पिछले राज्यसभा चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस को झटका लगा था। उस समय बहुमत में होने के बावजूद पार्टी चुनाव हार गई थी, क्योंकि उसके छह विधायकों ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया था। उस घटनाक्रम के बाद सरकार पर भी संकट के बादल मंडराए थे, हालांकि विधानसभा अध्यक्ष की रणनीतिक भूमिका से स्थिति संभाल ली गई थी।

वर्तमान में 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं, जो बहुमत के आंकड़े से पांच अधिक हैं। इसे सत्तारूढ़ दल के लिए राहत की स्थिति माना जा रहा है, लेकिन पिछला अनुभव देखते हुए पार्टी इस बार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।

कांग्रेस की ओर से संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के नाम प्रमुख दावेदारों में गिने जा रहे हैं। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान को लेना है।

दूसरी ओर भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। सूत्रों के मुताबिक पार्टी इस बार किसी महिला उम्मीदवार को मैदान में उतार सकती है। हिमाचल समेत देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश पहले ही जारी कर दिए हैं।