Follow Us:

हिमाचल में मई माह में पर्यटकों की संख्या में थोड़ी गिरावट, लेकिन पर्यटन सीजन में सुधार की उम्मीद बरकरार

  • HPTDC होटलों की आक्यूपेंसी 34% पर, वीकेंड और धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ी

  • निजी होटल मालिकों को जून माह से बेहतर रिजल्ट की उम्मीद


 Blog: पराक्रम चंद

हिमाचल प्रदेश में मई का पर्यटन सीजन यौवन पर है, और हालांकि इस बार मई माह में पर्यटकों की संख्या में पिछले साल की तुलना में लगभग 10% की कमी आई है, लेकिन पर्यटन के उबरने के संकेत भी साफ नजर आ रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के जनरल मैनेजर अनिल तनेजा के मुताबिक, इस साल मई में होटलों की औसत आक्यूपेंसी 34% रही, जो पिछले साल के 44% से थोड़ी कम है। मगर वीकेंड पर पर्यटकों की अच्छी भीड़ देखी जा रही है, खासकर धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों पर, जो यह दर्शाता है कि लोग हिमाचल में घूमने का मन बना रहे हैं। एडवांस बुकिंग भी अब धीरे-धीरे बढ़ रही है, जो आगामी महीनों के लिए सकारात्मक संकेत हैं।

निजी होटल मालिकों का भी मानना है कि भले ही अभी मई में रूम बुकिंग कम हो रही हो, लेकिन जून और जुलाई में पर्यटन में बढ़ोतरी की पूरी उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद पर्यटकों की शिफ्टिंग हिमाचल की ओर अपेक्षा से धीमी रही है, लेकिन अब हालात सुधरने लगे हैं।

कोविड के बाद पर्यटन क्षेत्र में आई गिरावट से बाहर निकलते हुए, हिमाचल में दिसंबर 2024 तक कुल 1.80 करोड़ घरेलू पर्यटकों ने राज्य का दौरा किया है। विदेशी पर्यटकों की संख्या भी धीरे-धीरे बढ़ रही है, जो भविष्य के लिए उत्साहजनक है।

पर्यटन के प्रमुख जिलों जैसे कुल्लू, शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी में पर्यटक बढ़ रहे हैं, जिससे यह साफ होता है कि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और धार्मिक स्थलों की अपील अभी भी लोगों को आकर्षित कर रही है।

सामरिक स्थिति में सुधार और सरकार की पर्यटन बढ़ाने वाली पहल से उम्मीद है कि आने वाले महीनों में हिमाचल पर्यटन में तेज़ी आएगी और आर्थिक गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी।


कोविड से पहले हिमाचल में घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या दो करोड़ के आसपास सालाना पहुंच गई थी। लेकिन उसके बाद इसमें निरंतर गिरावट आई। पिछले साल से फ़िर हिमाचल में आने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ौतरी देखी जा रही थी। दिसंबर 2024 तक हिमाचल में कुल 1.80 करोड़ घरेलू पर्यटकों ने राज्य का दौरा किया। जबकि 83,000 विदेशी पर्यटक हिमाचल पहुंचे। इससे पहले 2017 में रिकॉर्ड 1.91 करोड़ घरेलू पर्यटक आए थे। कुल्लू जिला में सबसे अधिक पर्यटक आए, उसके बाद शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी का स्थान रहा।
दिलचस्प बात यह है कि पिछले 12 वर्षों में हिमाचल 2012 में हासिल किए गए 5 लाख विदेशी पर्यटकों के रिकॉर्ड को नहीं तोड़ पाया है। कोविड से संबंधित आशंकाओं और यात्रा प्रतिबंधों के कारण 2019 के बाद घरेलू और विदेशी पर्यटकों की संख्या में तेजी से गिरावट दर्ज़ की गई। जिसके चलते  2020 में 31.7 लाख घरेलू पर्यटक और 2021 में सिर्फ़ 5,000 विदेशी यात्री ही हिमाचल आए। इस बार अभी तक पर्यटकों की संख्या में दस फीसदी की कमी दर्ज की गई थी।