Follow Us:

शिंकुला में 6 इंच ताज़ी बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घना कोहरा

➤ शिंकुला दर्रे में 6 इंच ताजा बर्फबारी, रोहतांग पास पर भी हल्का हिमपात
➤ मैदानी इलाकों में घना कोहरा, कई जगह विजिबिलिटी 100 मीटर से नीचे
➤ 14 दिसंबर को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर हल्की बर्फबारी के आसार


हिमाचल प्रदेश के लाहौल–स्पीति जिले के शिंकुला दर्रे में बीती रात 6 इंच ताजा बर्फबारी दर्ज की गई। रोहतांग पास में भी हल्का हिमपात हुआ है। बर्फबारी के बाद मौसम साफ हो गया है और आज से 13 दिसंबर तक मौसम पूरी तरह साफ रहने का अनुमान है। वहीं 14 दिसंबर को अधिक ऊंचे इलाकों में दोबारा हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

उधर मैदानी क्षेत्रों में सुबह घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। कई इलाकों में विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे चली गई। खासकर मंडी शहर, ब्यास नदी किनारा, सुंदरनगर, बल्ह घाटी और बिलासपुर के भाखड़ा बांध के आसपास घना कोहरा छाया रहा।

हमीरपुर के सुजानपुर, ऊना और सोलन के निचले भागों में भी कोहरे का प्रभाव गहराया। बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकांश शहरों के दिन और रात के तापमान में हल्का उछाल आया है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान नॉर्मल से 1.4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। अगले पांच दिनों तक तापमान सामान्य से ऊंचा रहने का अनुमान है।

मनाली में न्यूनतम तापमान में सामान्य से 5.9 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिसके बाद पारा 6.7 डिग्री पहुंच गया। वहीं भुंतर के अधिकतम तापमान में 5.3 डिग्री का उछाल आने के बाद तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

तापमान में वृद्धि के बावजूद प्रदेश के 26 शहरों में तापमान अभी भी 10 डिग्री या उससे कम बना हुआ है। शिमला का रात का तापमान 9.5 डिग्री, सुंदरनगर 5.7, भुंतर 6.5, धर्मशाला 6.8, ऊना 5.4, पालमपुर 7.0, सोलन 3.7, मनाली 6.7, कांगड़ा 7.0, मंडी 7.1, बिलासपुर 7.7 और हमीरपुर 5.7 डिग्री दर्ज किया गया।

लाहौल–स्पीति के कुकुमसैरी का न्यूनतम तापमान माइनस 6.2 डिग्री और ताबो का माइनस 1.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। हालांकि एक सप्ताह पहले ताबो का तापमान माइनस 9.6 डिग्री तक गिर चुका था।