Follow Us:

तपिश चरम पर,हीटवेव यलो अलर्ट जारी

|

  • ऊना, मंडी और कुल्लू जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट, 13 जून से हो सकती है हल्की बारिश

  • कई शहरों में तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक ज्यादा, नेरी में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज

  • 13 जून से वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण हल्की राहत के आसार, अगले 3 दिन तक मौसम में बदलाव संभव



शिमलर, पराक्रम चंद: हिमाचल प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के मैदानी और मध्यवर्ती इलाकों में तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने ऊना, मंडी और कुल्लू जिलों के लिए 11 और 12 जून को हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 जून के लिए कांगड़ा और सोलन जिलों को भी इस चेतावनी में शामिल किया गया है। विभाग ने लोगों से सीधे धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त जल सेवन की सलाह दी है।

राज्य के चार शहरों का तापमान पहले ही 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। ऊना में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा है। हमीरपुर जिले के नेरी क्षेत्र में सबसे अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक है।

इसी तरह कांगड़ा में तापमान 40.4 डिग्री, बिलासपुर में 40.1 डिग्री और मंडी में 39.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच चुका है। मनाली और कल्पा जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है। मनाली में तापमान 30.5 डिग्री, जो सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा है, जबकि कल्पा में पारा 27.9 डिग्री पर पहुंच गया है।

प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो गया है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक अधिक दर्ज किया गया है, जो चिंता का विषय है।

13 जून से राहत की उम्मीद:
मौसम विभाग के मुताबिक, 13 जून से पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिससे हल्की बारिश के आसार बन रहे हैं। यह बदलाव अगले 3 दिन तक असरदार रहेगा, जिससे प्रदेश को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। हालांकि भारी वर्षा की संभावना फिलहाल नहीं है, लेकिन गर्मी की तीव्रता कम हो सकती है।

जून में सामान्य से अधिक बारिश:
1 से 8 जून तक जहां सामान्य वर्षा 15.9 मिमी होती है, इस बार 18.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। यह सामान्य से 17 प्रतिशत अधिक है। बावजूद इसके, बढ़ते तापमान के कारण लोगों को राहत कम ही महसूस हो रही है