Follow Us:

रोहतांग दर्रा सहित लाहौल की चोटियों पर लगातार तीसरे दिन बर्फबारी, एक सप्ताह तक ऐसा रहेगा मौसम

➤ रोहतांग दर्रा व लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात
➤ शीतलहर बढ़ी, अगले 2-3 दिन न्यूनतम तापमान और गिरेगा
➤ 17 दिसंबर से कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार


हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर लगातार तीसरे दिन बर्फबारी दर्ज की गई है। सोमवार सुबह 13,050 फीट ऊंचे रोहतांग दर्रा सहित लाहौल क्षेत्र की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ, जिससे पूरे इलाके में ठंड और शीतलहर का असर तेज हो गया है।

लाहौल में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वहीं राजधानी शिमला और कुल्लू में सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। मौसम खराब रहने से प्रदेश में ठंडक बढ़ गई है, जबकि किसान और बागवान लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे हैं।

कहां कितना न्यूनतम तापमान

बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया— शिमला 10.6, सुंदरनगर 6.5, भुंतर 8.0, कल्पा 2.0, धर्मशाला 7.0, ऊना 7.7, नाहन 9.8, पालमपुर 7.0, सोलन 5.0, मनाली 6.9, कांगड़ा 7.3, मंडी 8.1, बिलासपुर 8.5, हमीरपुर 7.4, जुब्बड़हट्टी 9.8, कुफरी 10.6, कुकुमसेरी -5.7, नारकंडा 8.1, रिकांगपिओ 4.5, ताबो -2.7 और पांवटा साहिब 9.0 डिग्री सेल्सियस।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जबकि अगले 3-4 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।

एक सप्ताह तक ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक आज चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी हो सकती है। 17 दिसंबर से एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से 20 और 21 दिसंबर को ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। सप्ताह के बाकी दिनों में मौसम अधिकतर साफ रहने का अनुमान है।

इसके अलावा, 15 से 17 दिसंबर तक भाखड़ा बांध जलाशय क्षेत्र (बिलासपुर) और बल्ह घाटी (मंडी) के कुछ हिस्सों में सुबह और देर रात घना कोहरा छाने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।