Follow Us:

हिमाचल में बढ़ेगी गर्मी, मैदानी इलाकों में 3°C तक उछाल, अब इस दिन राहत के आसार

हिमाचल के मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ेगी, तापमान में 3°C तक उछाल
ऊना 36.2°C के साथ सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज
पहाड़ों में मौसम सुहावना, 24 अप्रैल से बारिश के आसार



शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बदलने वाला है और खासतौर पर मैदानी इलाकों में गर्मी का असर तेज होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में राज्य के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। रविवार को भी प्रदेश के 8 शहरों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे गर्मी का असर साफ तौर पर महसूस किया गया।

सबसे ज्यादा तापमान ऊना में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और यह इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा। इसके अलावा बरठी में तापमान 34.6 डिग्री और सोलन में 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं राजधानी शिमला में सामान्य से 3.9 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो मौसम में बदलाव का संकेत दे रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार 23 अप्रैल तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और धूप खिली रहने की संभावना है। हालांकि सोमवार को लाहौल-स्पीति, किन्नौर और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बाकी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा।

इसके बाद 24 अप्रैल को एक बार फिर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने के आसार हैं, जिससे राज्य के मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। गौरतलब है कि अप्रैल माह में इस बार सामान्य से 42 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। 1 से 19 अप्रैल के बीच जहां सामान्य वर्षा 43.4 मिमी होती है, वहीं इस बार 61 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है।

हालांकि मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम अभी भी सुहावना और पर्यटकों के लिए आकर्षक बना हुआ है। मनाली में अधिकतम तापमान 20 डिग्री, शिमला में 25.6 डिग्री और धर्मशाला में 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यही कारण है कि देशभर से पर्यटक इन ठंडे और मनमोहक स्थानों की ओर रुख कर रहे हैं और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले रहे हैं।