Follow Us:

हिमाचल में कांग्रेस के 3 नेताओं ने भविष्य में चुनाव न लड़ने का लिया फैसला

पी.चंद |

विधानसभा चुनाव में हार के आघात से आहत कांग्रेस के तीन बड़े नेताओं ने चुनावी राजनीति को अलविदा कह दिया है। इन तीनों कांग्रेस नेताओं ने भविष्य में कोई भी लोकसभा, विधानसभा या अन्य चुनाव न लड़ने का फैसला किया है। भविष्य में चुनाव न लड़ने वाले इन नेताओं में वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चौधरी चंद्र कुमार, प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरभजन सिंह भज्जी और प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह शामिल है। 

कांग्रेस के तीनों नेताओं ने अपने निर्णय को कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को अवगत करवा दिया है। तीनों नेताओं ने सुक्खू को सोमवार को शिमला में अपने इस निर्णय की जानकारी दी। वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उनके आग्रह स्वीकार कर लिया है।  कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू अब इनके निर्णय को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को अवगत करवाएंगे।

चंद्र कुमार ने 2017 विधानसभा चुनाव ज्वाली से लड़ा था, लेकिन जीत नहीं पाए। हरभजन सिंह भज्जी शिमला शहरी से चुनाव लड़े, मगर भारी भितरघात जीत के आड़े आ गया। तीनों नेताओं ने सुखविंदर सुक्खू को बताया है कि वे पार्टी की सेवा करते रहेंगे, जो भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाएगी, वे उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगे।