➤ पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए ₹2357 करोड़ की बड़ी योजना मंजूर
➤ 77 ईको टूरिज्म स्थलों के विकास पर सरकार का फोकस
➤ जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह सोलन के ठोडो मैदान में हर्षोल्लास से आयोजित
सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष तथा पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष R. S. Bali ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक, धार्मिक, साहसिक, आध्यात्मिक और स्वास्थ्य पर्यटन को वृहद स्तर पर बढ़ावा दे रही है।

समारोह में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और पुलिस, गृह रक्षा, एनसीसी, स्काउट्स एवं विद्यालयों द्वारा आयोजित भव्य मार्चपास्ट की सलामी ली। इससे पहले उन्होंने कारगिल शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।

अपने संबोधन में आर.एस. बाली ने कहा कि नई ईको टूरिज्म नीति के तहत प्रदेश में 77 ईको टूरिज्म स्थल विकसित किए जा रहे हैं और अगले पांच वर्षों में इस क्षेत्र से ₹200 करोड़ राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के जरिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा कर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी जा सकती है।

उन्होंने बताया कि पर्यटन क्षेत्र के विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से ₹2357 करोड़ की योजना स्वीकृत की गई है। इसके अलावा प्रदेश में पर्यटकों की पहुंच बढ़ाने के लिए विभिन्न जिलों में हेलीपोर्ट निर्माण कार्य तेजी से जारी है।

सुल्तानपुर, रक्कड़, पालमपुर और जसकोट में लगभग ₹53 करोड़ की लागत से हेलीपोर्ट बनाए जा रहे हैं, जबकि बसाल, रोरा, धार कियारी, मनाली, शारबो और रंगरीक में भी निर्माण कार्य प्रगति पर है।

उन्होंने कहा कि शिमला के संजौली में ₹15.86 करोड़ की लागत से तैयार हेलीपोर्ट से कुल्लू, रिकांगपिओ और चंडीगढ़ के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। साथ ही कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट विस्तार के लिए ₹3349 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।

आर.एस. बाली ने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए ₹680 करोड़ की राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना भी चला रही है। साथ ही प्रदेश को ग्रीन एनर्जी राज्य बनाने के लिए अगले दो वर्षों में 500 मेगावाट सौर ऊर्जा परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी।

उन्होंने यह भी बताया कि सोलन के कथेड़ में ₹200 करोड़ से अधिक लागत से विश्व स्तरीय बहुद्देशीय अस्पताल का निर्माण कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है।

समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
