➤ त्रिपुरा सरकार ने हिमाचल को आपदा राहत कोष में पांच करोड़ की सहायता दी
➤ मुख्यमंत्री सुक्खू ने त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा का जताया आभार
➤ हिमाचल में राहत व पुनर्वास कार्य युद्ध स्तर पर जारी
शिमला। भारी बारिश और प्राकृतिक आपदा से जूझ रहे हिमाचल प्रदेश को इस मुश्किल घड़ी में देशभर से सहयोग मिल रहा है। इसी क्रम में त्रिपुरा सरकार ने हिमाचल को पांच करोड़ रुपये की सहायता राशि आपदा राहत कोष में प्रदान की है। इस मदद को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा का तहेदिल से आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में मिली यह सहायता प्रभावितों के राहत व पुनर्वास कार्य में बेहद कारगर साबित होगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युद्ध स्तर पर राहत और पुनर्निर्माण कार्य चला रही है और हर प्रभावित परिवार तक मदद पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुक्खू ने यह भी कहा कि हिमाचल प्रदेश को देशभर से विभिन्न राज्यों और संगठनों द्वारा आर्थिक सहयोग मिल रहा है। उन्होंने उन सभी अंशदाताओं का भी आभार जताया जिन्होंने खुले मन से हिमाचल की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहयोग न केवल आर्थिक दृष्टि से सहायक है बल्कि हिमाचल के लोगों को मानसिक संबल भी प्रदान कर रहा है।
हिमाचल प्रदेश में इस साल की बरसात ने भारी तबाही मचाई है। अनेक सड़कें, पुल और मकान ध्वस्त हो चुके हैं। हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और कई इलाकों में अब भी सामान्य जीवन पटरी पर लौटने के लिए संघर्ष कर रहा है। ऐसे में त्रिपुरा जैसे राज्यों से मिली आर्थिक मदद राज्य के पुनर्निर्माण कार्यों को नई गति देगी।



