Follow Us:

आज 5 जिलों में तूफान का येलो अलर्ट


➤ अप्रैल के पहले 10 दिनों में प्रदेश में सामान्य से 142% अधिक बारिश दर्ज
➤ आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला में आंधी-तूफान व बिजली गिरने का अलर्ट
➤ 13 और 14 अप्रैल को मौसम साफ, 15 अप्रैल से फिर वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय



हिमाचल प्रदेश में अप्रैल माह के दौरान मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राजधानी शिमला समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शनिवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला जिले के कुछ क्षेत्रों में आंधी-तूफान और आसमानी बिजली गिरने की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 12 अप्रैल को लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और कांगड़ा के ऊंचे इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। वहीं 13 और 14 अप्रैल को प्रदेशभर में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना है और अच्छी धूप खिलने से ठंड से राहत मिलेगी।

इसके बाद 15 अप्रैल को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो सकता है, जिसके असर से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। 16 अप्रैल को मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम दोबारा खराब रहने के आसार हैं।

बीते 24 घंटे के दौरान मौसम में सुधार के बाद प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद राज्य का औसत अधिकतम तापमान अभी भी सामान्य से 2.7 डिग्री कम बना हुआ है। हाल के दिनों में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है। शिमला में तो अप्रैल की सबसे ठंडी रातों में से एक दर्ज की गई।

सबसे अहम बात यह है कि प्रदेश में 1 से 10 अप्रैल के बीच सामान्य 22.9 मिमी के मुकाबले 55.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 142 फीसदी अधिक है। लगातार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण यह बढ़ोतरी दर्ज हुई है।