➤ हिमाचल में 14 मार्च मध्यरात्रि से बदलेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ होगा सक्रिय
➤ 15–16 मार्च तक कई जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना
➤ प्रदेश में अब तक 98% कम बारिश, किसानों-बागवानों को राहत की उम्मीद
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के बीच अब राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के अनुसार 14 मार्च की मध्यरात्रि से प्रदेश में मौसम बदलने वाला है और 16 मार्च तक कई जिलों में हल्की बारिश व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
प्रदेश में जनवरी से अब तक बारिश और बर्फबारी बेहद कम हुई है, जिसके कारण कई इलाकों में सूखे जैसे हालात बनने लगे हैं। इससे किसानों और बागवानों को फसलों के नुकसान का डर सताने लगा है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने बताया कि फिलहाल 13 और 14 मार्च तक प्रदेश में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। इस दौरान कई स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि 14 मार्च की मध्यरात्रि से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से 15 और 16 मार्च को अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 15 मार्च को कुछ मध्य पर्वतीय जिलों में गरज-चमक के साथ थंडरस्टॉर्म गतिविधियां भी देखने को मिल सकती हैं।
कटियार ने बताया कि सोलन और मंडी जिलों में 13 और 14 मार्च के लिए शीत लहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में तापमान सामान्य से करीब दो डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है। हालांकि 15 मार्च से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने की संभावना है।
आंकड़ों के अनुसार 1 मार्च से 12 मार्च तक प्रदेश में केवल 0.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में करीब 45 मिलीमीटर वर्षा होती है। यानी इस बार प्रदेश में करीब 98 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि 15 मार्च से शुरू होने वाली वर्षा गतिविधियों से इस कमी में कुछ सुधार हो सकता है।
पिछले 24 घंटों में चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के कुछ क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने फिलहाल साफ किया है कि आगामी दिनों में कहीं भी भारी बारिश या भारी बर्फबारी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है।



