Follow Us:

हिमाचल में 16 अप्रैल तक मौसम साफ, 17 से फिर बारिश-बर्फबारी के आसार

16 अप्रैल तक मौसम साफ, 17 अप्रैल से फिर बदलेगा मिजाज
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी, कई जिलों में येलो अलर्ट
19 अप्रैल तक मौसम खराब रहने के आसार, तापमान में गिरावट संभव


हिमाचल प्रदेश में फिलहाल लोगों को दो दिन राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल तक प्रदेश में मौसम सामान्य और अधिकांश क्षेत्रों में साफ बना रहेगा। मैदानी जिलों में धूप खिली रहेगी, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में हल्के बादल देखने को मिल सकते हैं। लेकिन 17 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होने जा रहा है, जिससे प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेगा।

17 अप्रैल को विशेष रूप से चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में अंधड़, ओलावृष्टि और बारिश के आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के मध्य और उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश तथा ऊंची चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है।

18 और 19 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे एक बार फिर ठंडक लौट सकती है। हाल ही में प्रदेश में सामान्य से 128 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिससे अप्रैल में मौसम लगातार असामान्य बना हुआ है।