Follow Us:

हिमाचल में अगले 5 दिन साफ रहेगा मौसम, बढ़ृा तापमान

हिमाचल में अगले 5 दिन मौसम साफ रहेगा
प्रदेश के 13 शहरों में तापमान 30 डिग्री पार
औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री ज्यादा


हिमाचल प्रदेश में इस बार सितंबर के अंतिम सप्ताह और अक्टूबर के शुरुआती दिनों में गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जारी किया है कि आने वाले 5 दिनों तक मौसम साफ और ड्राई रहने वाला है। मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश भर में तापमान लगातार बढ़ रहा है।

ऊना का अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री और कुल्लू के बजौरा का पारा 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यही नहीं, प्रदेश के 13 शहरों का तापमान 30 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है। औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। सबसे बड़ा उछाल केलांग में दर्ज किया गया जहां तापमान 6.1 डिग्री ऊपर जाकर 24.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

बीते 24 घंटों में शिमला, सोलन, कल्पा, भुंतर समेत कई जगहों पर पारा सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। शिमला में तापमान 1.5 डिग्री की बढ़त के साथ 27.7 डिग्री, सोलन में 0.1 डिग्री की बढ़त के साथ 31.1 डिग्री, कल्पा में 25.5 डिग्री और भुंतर में 3.3 डिग्री ज्यादा होकर 33.0 डिग्री दर्ज हुआ।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 5 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और इस दौरान प्रदेश भर में धूप खिली रहेगी। अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में और 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे लोगों को और गर्मी झेलनी पड़ सकती है।