Follow Us:

हिमाचल में अब खिलेगी धूप, इस दिन हलकी बारिश के असार, जानें मौसम अपडेट

हिमाचल में 21 से 24 सितंबर तक रहेगा साफ मौसम
24 के बाद फिर हल्की बारिश के आसार
मानसून सीजन में 424 मौतें और भारी तबाही


हिमाचल प्रदेशवासियों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। 21 से 24 सितंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है और धूप खिली रहेगी। इस दौरान किसी भी क्षेत्र में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि 24 सितंबर के बाद मौसम फिर करवट बदलेगा और 26 सितंबर तक हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 2-3 दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनती जा रही हैं। अनुमान है कि प्रदेश से मानसून औसतन 24 से 25 सितंबर तक विदा हो सकता है।

इस साल का मानसून सीजन हिमाचल के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। 1 जून से 20 सितंबर 2025 तक प्रदेश में सामान्य से 45% अधिक वर्षा दर्ज की गई। आंकड़ों के अनुसार, शिमला में 106% और कुल्लू में 104% ज्यादा बारिश हुई। बिलासपुर में 83% अधिक वर्षा दर्ज हुई, जबकि मंडी में 79% और सिरमौर में 74% ज्यादा बारिश हुई। वहीं, लाहौल-स्पीति एकमात्र ऐसा जिला रहा जहां सामान्य से 18% कम बारिश हुई। कुल मिलाकर 12 में से 11 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई।

भारी बारिश ने प्रदेश में भारी तबाही मचाई। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आंकड़ों के मुताबिक, मानसून सीजन में 424 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 45 लोग अभी भी लापता हैं। इनमें से 80 मौतें बाढ़, बादल फटने और भूस्खलन के कारण हुईं। इसके अलावा, 1602 घर जमींदोज हो गए, 7025 मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त, 585 दुकानें और 6815 गोशालाएं पूरी तरह टूट गईं। लोगों के 30 हजार मवेशी भी इस आपदा का शिकार हुए।

ऐसे में आने वाले तीन दिनों तक बारिश से राहत प्रदेशवासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है।